
धारचूला। आपदा राहत कार्य में सुस्ताई का आरोप लगाने वाले विधायक हरीश धामी ने दूसरे दिन मंडलायुक्त के आश्वासन पर धरना खत्म कर दिया है। नैनीताल से आए मंडलायुक्त आरके सुधांशु ने धामी को राहत कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने का भरोसा दिलाया। कहा वह खुद राहत कार्यों के संचालन में नजर रखेंगे। साथ ही धामी द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल करने की बात कही गई।
धामी ने कहा कि मौके पर मौजूद एसडीएम को हालात के हिसाब से बड़े निर्णय लेने का अधिकार दिया जाना चाहिए। आयुक्त ने विधायक से जिला मुख्यालय आकर यहां की जरूरतों के लिए अधिकारियों से वार्ता करने का आग्रह किया। जिसे धामी ने मान लिया। मंडलायुक्त ने कहा कि हर शख्स को सुरक्षित लाने की बात कही। बाद में आयुक्त ने बीएसएनएल के सीएमडी से फोन पर बात कर धारचूला क्षेत्र की लचर संचार सेवा को दुरुस्त करने की जरूरत बताई। कहा कि इस वजह से आपदा के दौर में मुश्किलें बढ़ रही हैं।
