
धर्मपुर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडप में दसवीं कक्षा का वीरवार को लापता हुआ छात्र मंडी में मिल गया है। इसके बाद छात्र के अभिभावकों ने चैन की सांस ली है। विजय कुमार पुत्र हंसराज गांव ब्रम्हफाल्ड अचानक पाठशाला के लापता हो गया था। वह अपना बैग भी पाठशाला में ही छोड़ गया। छात्र के पिता ने गुमशुदगी की सूचना पुलिस चौकी को भी दे दी तथा स्वयं भी गांववासी रिश्तेदारों सहित लड़के को ढूंढने चारों ओर फैल गए। शुक्रवार को सांय जब थक हार कर मंडी में बच्चे के पिता और अन्य लोग आराम करने के लिए पड्डल में मैदान में कुछ देर के लिए रुके, तो उनकी नजर वहां एक कोने में बैठे लड़के पर पड़ी थोड़ा अंधेरा होने की वजह से वह उसे पहचान नहीं पाए। नजदीक जाकर देखा तो वह विजय कुमार ही था। परिजन उसे अपने साथ घर ले आए तथा इसकी सूचना पुलिस चौकी धर्मपुर को भी दे दी। लड़के के पिता हंसराज ने बताया कि उन्हें यह चिंता सताने लगी थी कि कहीं कोई अपने साथ इसे ले गया होगा। भगवान का धन्यवाद करते हैं कि उनका बेटा सही सलामत उन्हें मिल गया। क्षेत्र में आजकल चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह भी जोरों पर फैली हुई है। चोरी पंचायत में एक बच्चे को अगवा करने का प्रयास भी किया गया था। इससे मां बाप घबरा गये थे। लेकिन जैसे ही विजय कुमार मिला उनके चेहरे में रौनक लौट आई ।
