भ्रष्टाचार में डूबी है केंद्र सरकार : कश्यप

जुब्बल (शिमला)। केंद्र की कांग्रेस सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। केंद्र सरकार का खाद्य सुरक्षा बिल भी मात्र एक चुनावी स्टंट है। महंगाई रोकने में केंद्र सरकार पूरी तरह से असफल रही है। बेरोजगारों के साथ धोखा किया जा रहा है। यह बात शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने नावर क्षेत्र में विभिन्न पंचायतों में लोगों को संबोधित करते हुए कही। कश्यप ने सोमवार को पुजारली-4, टिक्कर, कड़ीवन, पुजारली-3 सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की जननी है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अपना परचम लहराएगी। इस मौके पर भाजपा प्रदेेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बरागटा ने कहा कि सेब सीजन शुरू हो गया है। लेकिन, सरकार की ओर से सेब सीजन को लेकर कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। सेब सीजन से पहले ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति को सुधारा नहीं गया है। विदेशी सेब से हिमाचल के बागवानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार से आयात शुल्क बढ़ाने की मांग नहीं उठा रही है। इस दौरान भाजयुमो राष्ट्रीय सोशल मीडिया विंग के प्रभारी चेतन बरागटा, मंडल उपाध्यक्ष ओंकार टेगटा, प्रवक्ता राकेश शर्मा, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण फाल्टा, किसान मोर्चा अध्यक्ष रामप्रकाश जगीथटा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related posts