
अल्मोड़ा। बाडे़छीना के भूमि संरक्षण और कृषि अधिकारी बालकृष्ण मिश्रा को सीबीसीआईडी की टीम ने भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। हल्द्वानी से आई टीम ने उसे बृहस्पतिवार को बाडे़छीना से गिरफ्तार किया। उसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बाडे़छीना के भूमि संरक्षण और कृषि अधिकारी बालकृष्ण मिश्रा के खिलाफ 2008 में बागेश्वर कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार का मामला दर्ज था। उसके पास से एक सूटकेस में 2.75 लाख रुपये बरामद हुए थे। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर किया था। बाद में इस मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई थी। जांच के बाद आरोपी मिश्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार की पुष्टि हो गई।
हल्द्वानी से सीबीसीआईडी के इंस्पेक्टर ध्यान सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने आरोपी बालकृष्ण मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। उसे गिरफ्तार करके हल्द्वानी ले जाया गया है। पुलिस उपाधीक्षक केएस ह्यांकी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक आरोपी को कल शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
