
बैजनाथ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक शिव मंदिर में मकर संक्रांति पर चढ़ने वाले घृत मंडल की तैयारियों को लेकर मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम संदीप सूद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। मीटिंग में न्यास के सचिव एवं तहसीलदार डीसी ठाकुर एवं न्यास के 9 सदस्यों में से 8 सदस्य उपस्थित रहे। निर्णय लिया गया कि इस मर्तबा करीब तीन क्विंटल देसी घी और सूखे मेवों से मंदिर के गर्भ गृह में स्थित शिव लिंग पर घृत मंडल तैयार किया जाएगा। वहीं, मंदिर की फूलों से सजावट करने के साथ-साथ लाइटनिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इस दौरान मंदिर के कार्यों को अंजाम देने के लिए सरकारी कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। मकर संक्रांति पर चढ़ाए जाने वाले देसी घी को उबालने के बाद 101 मर्तबा ठंडे पानी से धोया जाता है और बाद में सूखे मेवों और फलों से शिवलिंग पर इसका लेप किया जाता है। सात दिन तक भोले शंकर के ऊपर यह लेप विराजमान रहता है। सातवें दिन इसे श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। मंदिर पुजारी सुरिंद्र आचार्य के अनुसार सात दिन तक शिवलिंग पर चढ़े रहने के कारण यह घी औषधि बन जाता है और चर्म रोगों के लिए लाभकारी होता है। इसके अतिरिक्त न्यास के ट्रस्टियों ने मंदिर के बाएं गेट के समीप प्रस्तावित सराय का निर्माण कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया। संदीप सूद ने बताया कि आगामी बैठक में सराय के निर्माण के संबंध में विस्तार से चर्चा करने के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। तहसीलदार डीसी ठाकुर ने श्रद्धालुओं से अपनी इच्छा अनुसार देसी घी देने और मंदिर कर्मचारियों से इसकी रसीद लेने का आग्रह किया है। इस मौके पर तहसीलदार डीसी ठाकुर, एटीओ सुरेश, मंदिर ट्रस्टी रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, घनश्याम अवस्थी, बंसी लाल, प्यार चंद अवस्थी, जीडी अवस्थी, अनूप कौल, सुरेश फुंगरी आदि उपस्थित रहे।
