
बैजनाथ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक शिव मंदिर के चढ़ावे में लगातार इजाफा हो रहा है। साल 2013 की बात करें तो भोले के भक्तों ने 2012 के मुकाबले करीब आठ लाख रुपये ज्यादा चढ़ाए। बुधवार को न्यास का वर्ष 2013 का बजट पेश किया गया और आगामी वर्ष में किए जाने वाले कार्यों व खर्चों पर चर्चा की गई। न्यास के सदस्यों की बैठक का आयोजन न्यास के सचिव एवं तहसीलदार डीसी ठाकुर की अध्यक्षता में हुआ। बैठक में 27 फरवरी को प्रस्तावित राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव को लेकर चर्चा की गई और मंदिर में होने वाले कार्यों को लेकर जिम्मेवारियां निर्धारित की गईं।
न्यास के सदस्य रमेश चड्ढा ने बताया कि वर्ष 2013 में मंदिर न्यास को समस्त खर्चों के वहन करने के बाद कुल 15 लाख 50 हजार 432 रुपये की आय हुई। मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में कुल 35 लाख 56 हजार, राधा कृष्ण मंदिर से 2 लाख 77 हजार, दान की रसीदों से 3 लाख 81 हजार, राशन से 15 हजार, दोनोें पार्किंगों से 3 लाख 91 हजार और बैंक से ब्याज के रूप में 3 लाख 91 हजार रुपये प्राप्त हुए। इस प्रकार न्यास को समस्त संसाधनोें से करीब 49 लाख 34 हजार रुपये की प्राप्ति हुई। वहीं न्यास के तहत कार्य करने वाले कर्मचारियों पर 9 लाख 29 हजार रुपये व एक अधिकारी पर साढे़ चार लाख रुपए, पूजा अर्चना पर 2 लाख 87 हजार रुपये, मंदिर के मरम्मत कार्यों पर 2 लाख 34 हजार रुपये, बिजली व सीसीटीवी आदि की स्थापना पर 2 लाख 23 हजार रुपये, लंगर पर 15 हजार रुपये, गो सदन की तूड़ी पर एक लाख 34 हजार रुपये, पुश्तैनी पुजारियों पर 10 लाख पांच हजार रुपये और अन्य कार्यों पर करीब 23 हजार रुपए व्यय किए गए। पपरोला फार्मेसी के प्रवीण शर्मा को हर वर्ष की तरह इस मर्तबा भी शिवरात्रि पर मंदिर में होने वाले महारुद्र यज्ञ की मेजबानी दी गई।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर बीडीओ राजीव सूद, एसएचओ राजिंद्र शर्मा, आरओ रमेश, एटीओ सुरेश, मंदिर न्यास के सदस्य प्यार चंद अवस्थी,जीडी अवस्थी, वलदेव नंदा, रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, घनश्याम अवस्थी, अनूप कौल, सुरेश फुंगरी आदि भी उपस्थित रहे।
