भोग्रवां में 50 गांव जलमग्न

इंदौरा (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र गंगथ के भोग्रवां में 50 जलमग्न हो गए हैं। एसडीएम नूरपुर अश्वनी सूद की अध्यक्षता में सोमवार को आपदा प्रबंधन पर आपात बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भोग्रवां के वार्ड नंबर आठ के 40 से 50 घरों का संपर्क कट गया है। इन घरों के चारों ओर पानी आ गया है। दियोड़ी में दो मकानों को दियोठी खड्ड के पानी की सीधी मार से खतरा पैदा हो गया है। चौका ब्राह्मण स्थित घेटा में भूस्खलन से पांच घरों को खतरा पैदा हो गया है। तारा खड्ड के पानी की मार से इंदौरा स्थित 15 घरों को खतरा बना हुआ है। उन्होने कहा कि शेखुपुर स्वास्थ्य विभाग के उपकेंद्र में पानी घुसने से रिकार्ड के साथ-साथ दवाइयां भी खराब हो गई हैं। मीलवां स्थित उपकेंद्र भवन को खतरा है। मंगवाल में प्रीतम चंद का मकान गिर गया है। पराल में दो मकान गिरे हैं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी शिकायतें एसडीएम के समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि मंड मियाणी में पेयजल आपूर्ति बाधित है। घेटावासियों को गंदा पानी पिलाया जा रहा है। इस दौरान समाजसेवी आकाश कटोच, जिला पार्षद देव राज, युद्धवीर पठानिया, बीडीसी आंचल सिंह, तहसीलदार प्रताप ठाकुर, बीडीओ जेएस मंडोल, बीएमओ इंदौरा बीएम गुप्ता, एसडीओ विद्युत अरविंद कटोच और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

लोगों की सुविधा के लिए लगाया जाए शिविर
एसडीएम ने तहसीलदार इंदौरा को आदेश दिए हैं कि लोगों को आवश्यकतानुसार जहां भी जरूरत हो, किसी एक स्थान पर शिविर लगाया जाए। बाढ़ से मंड क्षेत्र में प्रदेश की सबसे बड़ी शाहनहर को भी खतरा पैदा हो गया है। ब्यास का पानी उसके दोनों ओर से जा रहा है। कुछ प्रवासी गुज्जर पलायन भी कर रहे हैं। जन प्रतिनिधियों को तिरपाल भी बांटी गई हैं।

Related posts