
डरोह (कांगड़ा)। भेडू-महादेव पंचायत समिति पर शुक्रवार को कांग्रेस का क ब्जा जमाकर सुलह के विधायक जगजीवन पाल ने प्रदेश भाजपा के महामंत्री विपिन सिंह परमार को तगड़ा छटका दे दिया है।
शुक्रवार को भेडू महादेव खंड कार्यलय में हुए चुनावों में कांग्रेस समर्थित सुनीता देवी और भाजपा समर्थित सरोज कुमारी के बीच मुकाबला हुआ। वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित बबली देवी का भाजपा समर्थित ओंकार शर्मा से सीधा मुकाबला हुआ। दोनों ही पदों के लिए 18-18 बीडीसी सदस्यों ने मतदान किया। कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को 11-11 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वियों को 7-7 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस तरह दोनों ही पद अब कांग्रेस की झोली में आ गए हैं। पंचायत चुनावों में भेडू-महादेव विकास खंड में भाजपा समर्थित पंचायत सदस्य काफी संख्या में जीत कर आए थे। इसके चलते सर्व सम्मति से सुनीता धीमान को अध्यक्ष और मदन ठाकुर को उपाध्यक्ष चुना गया था। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद खंड पंचायत समिति में विरोध के स्वर उठने लगे थे और भाजपा के ही माने जाने वाले एक धड़े ने पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया था। 29 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के बाद पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पद से हटना पड़ा था।
उधर, जगजीवन पाल ने सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के चुने जाने से सुलह में विकास की गति और तेज होगी।
