भेड़खड्ड से छीनी गाड़ी सांबा से बरामद

कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के तहत शुक्रवार को एनएच-154 पर भेड़खड्ड नामक स्थान में एक महिंद्रा जाइलो टैक्सी के ड्राइवर पर कुछ अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया था। हमलावर गाड़ी छीनकर फरार हो गए थे। गाड़ी को नूरपुर पुलिस की टीम ने सांबा (जेएडंके) से बरामद कर लिया है। शुक्रवार देर रात्रि भेड़खड्ड में टैक्सी गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने चालक पर हमला किया था। इस दौरान चालक अपनी जान बचाने में कामयाब रहा लेकिन अज्ञात लोग गाड़ी छीन कर फरार हो गए थे। गाड़ी के चालक वेरका अमृतसर निवासी मंगत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी महिंद्रा जाईलो गाड़ी नं (पीबी 01 ए-0582) को अमृतसर से धर्मशाला तक किराये पर लिया था। जैसे ही गाड़ी नूरपुर के निकट भेड़खड्ड नामक स्थान पर पहुंची तो गाड़ी में सवार लोगों ने बेल्ट से उसका गला घोंटने का प्रयास किया तथा उसके बाद उसके सिर पर पीछे से प्रहार करते हुए बोतल दे मारी। इस घटना के बाद आरोपी चालक वहां पर फेंक कर गाड़ी लेकर फरार हो गए थे। नूरपुर के थाना प्रभारी बृजमोहन शर्मा ने बताया कि जब पुलिस को इस मामले की सूचना मिली तो पुलिस ने तुरंत सीमावर्ती क्षेत्रों में वायरलेस पर मैसेज कर दिया तथा एएसआई चरण सिंह की अगुवाई में एक टीम गठित की। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भेड़खड्ड से छीनी हुई गाड़ी ने जम्मू-कशमीर के लखनपुर बैरियर पार कर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गाड़ी व आरोपियों को दबोचने के लिए रवाना हो गई। नूरपुर पुलिस की टीम को देखकर गाड़ी में सवार सभी युवक जंगल की तरफ भागे, पुलिस की टीम ने भारी मशक्कत कर एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। अन्य आरोपी जंगल में भागने में सफल रहे। थाना प्रभारी बृजमोहन शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान नीरज मलहोत्रा निवासी अखनूर (जम्मू) के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां पर उसे पांच दिन की न्यायिक हिरासत मिली है।

नूरपुर में अधेड़ व्यक्ति लापता
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर के वार्ड 6 में एक 52 वर्षीय व्यक्ति लापता हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड 6 की निवासी सावित्री देवी ने थाने में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सावित्री देवी के अनुसार उसका पति ओमप्रकाश शर्मा (52 वर्षीय) 12 सितंबर शाम को जसूर से घर के लिए निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी जगह तलाश की लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला। थक-हार कर उसकी पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाना प्रभारी बृजमोहन शर्मा ने बताया कि लापता व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान था। उसका रंग सांवला, कद करीब 5 फुट 6 इंच है। पुलिस ने निकटवर्ती पुलिस चौकियों को इस संदर्भ में सूचित कर दिया है।

Related posts