भू-स्खलन की जद में लुड्डू गांव

चंबा। जिला में भारी बारिश के कारण ग्राम पंचायत लुड्डू में भू-स्खलन होने से कई लोगों के घरों को खतरा पैदा हो गया है। इस समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त संदीप कदम से मिला। ग्रामीणों मेला राम, रविंद्र, सुभाष, अंबिका प्रसाद और सोनू का कहना है कि उटीप मार्ग पर सिंयूरा नामक स्थान पर भारी बारिश के कारण पहाड़ी नीचे की ओर धंसनी शुरू हो गई है। पहाड़ी नीचे धंसने से वहां पर लगे कई चील के पेड़ नीचे गिर गए हैं। इससे लुड्डू गांव में भू-स्खलन होने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि समय रहते इस समस्या का हल न निकाला गया तो सैकड़ों स्थानीय लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी नीचे धंसने से लुड्डू गांव के लगभग सात मकानों में दरारें आ गईं है। इसके साथ ही घरों के ढ़हने का भी खतरा बना हुआ है। तीन दिनों से लगातर हो रही बारिश का सारा पानी लोगों के घरों के आंगन में पहुंच रहा है। इससे घरों के आंगन भी नीचे धंसने लग गए हैं। उन्होंने कहा कि रास्ते में कीचड़ इकठ्ठा हो गया है और लोगों के लिए चलना भी मुश्किल होता जा रहा है। अगर इस पहाड़ी में भू-स्खलन होता है तो पूरे गांव को खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने उपायुक्त संदीप कदम से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द घटनास्थल का मौका करवाया जाए। इसे रोकने के उचित इंतजाम किए जाएं। इससे वहां पर रह रहे लोगों को राहत महसूस होगी। उपायुक्त संदीप कदम ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related posts