
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध परियोजना के अंतर्गत ददाहू पंचायत की चुली मार्ग पर अधिकृत की गई करीब 11 बीघा भूमि के मालिकों को 2 करोड़ 33 हजार रुपये की किस्त जारी की जाएगी। बांध प्रबंधन की ओर से चुली मार्ग पर बांध प्रबंधन की आवासीय कालोनी का निर्माण किया जाना है। शनिवार को इस मामले पर बांध प्रबंधन की ओर से आधिकारिक पुष्टि की गई।
जिन भू मालिकों को बांध प्रबंधन की ओर से उक्त धनराशि जारी की जानी है, उसमें 15 भू-मालिक शामिल हैं, लेकिन जमीन का मुस्तिरका खाता होने के चलते इस पर लगभग 99 भू-मालिकों की सूची जारी की जा रही है। राशि का वितरण 29 जून को बांध परियोजना कार्यालय में किया जाएगा। भू अर्जन अधिकारी शिमला एलआर चौहान इस राशि को मौके पर ही वितरित करेंगे।
उधर, चुली भू मालिकों को 2 करोड़ 33 हजार राशि वितरण किए जाने के बारे में रेणुका बंाध प्रबंधन के एजीएम पीके कथूरिया ने बताया कि भूमि के अधिग्रहण को लेकर 99 लोगों को राशि वितरण के लिए सूचना प्रेषित की जा चुकी है।
