
बागेश्वर। कपकोट के खारबगड़ गांव में भूस्खलन के कारण जान-माल का भय बना हुआ है। कुछ परिवारों ने अन्यत्र शरण ले रखी है। क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और जिलाधिकारी ने गांव का दौरा कर लोगों को शीघ्र पुनर्वास का भरोसा दिलाया।
खारबगड़ गांव में आगे की तरफ रेवती नदी से भूकटाव हो रहा है। जबकि पीछे से पहाड़ी में कई स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण मलबा बस्ती के पास तक आ गया है। गांव में लगभग दो दर्जन परिवार रहते हैं। इनमें से आधा दर्जन परिवार पूर्व में अन्यत्र जा चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां 2010 से हर मौसम में भूस्खलन होता रहा है, लेकिन आज तक गांव के विस्थापन की व्यवस्था नहीं की गई है। रास्तों के अभाव में अधिकतर बच्चे स्कूल जाने से वंचित हैं। केशर सिंह, मान सिंह,भगवत सिंह आदि ने बताया कि बारिश होने पर लोग रात के वक्त खुले स्थान पर एकत्र हो जाते हैं। सरकारी अधिकारी सड़क तक ही आते हैं। इधर विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही और डीएम बीएस मनराल ने खारबगड़ और सुड़िंग गांव का भ्रमण कर लोगों को सरकारी सहायता देने, विस्थापन की कार्रवाई करने, सड़क को ठीक करने के आश्वासन दिए। तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया और लोनिवि के अधिशासी अभियंता सीएस नेगी भी उनके साथ थे।
