भूस्खलन से पाटी कोषागार का भवन खतरे में

लोहाघाट। पाटी में उप कोषागार भवन के पीछे लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण अब यहां का कोषागार भवन किसी भी समय जमींदोज हो सकता है। इस स्थान में पिछले दो वर्षों से भूस्खलन होता आ रहा है, पिछले माह हुई भारी वर्षा के कारण मलबे से भवन का पिछला हिस्सा भर गया है। अब मलबा आने पर सीधे वह भवन को तोड़ेगा।
डा.विनोद पाठक, कमलेश संगरौला, जगदीश चंद्र आदि का कहना है कि ट्रेजरी भवन के ऊपर लोनिवि की सड़क धंसने से स्थिति और खराब हो गई है। इस बीच ट्रेजरी के पीछे बनाई जा रही रिटेनिंग वाल भी पिछली बरसात में ध्वस्त हो गई है। स्थिति इतनी नाजुक बन चुकी है कि भारी वर्षा होने पर पहाड़ दरकने से ट्रेजरी भवन के लिए भारी खतरा पैदा हो गया है। पाटी के एसडीएम प्रत्यूष सिंह की ओर से भी स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष तेज सिंह बिष्ट का कहना है कि यहां दीवार न बनाकर जिला प्रशासन किसी बड़े हादसों के होने की इंतजारी कर रहा है।

Related posts