भूस्खलन से नौ घंटे बंद रहा चंबा-भरमौर मार्ग

भरमौर (चंबा)। चंबा-भरमौर मुख्य मार्ग मंगलवार रात को हुई भारी बारिश के कारण जगह-जगह अवरुद्ध रहा। इसके चलते भरमौर, होली से जिला मुख्यालय की तरफ आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण डकोग, लूणा, त्रिलोचन महादेव में मार्ग बंद हो गया। इस कारण सुबह तहसील मुख्यालय से जाने सरकारी और निजी वाहन जगह-जगह भूस्खलन के कारण फंसे रहे। सवारियों को वाहनों की अदला बदली करके गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। पहली बरसात में ही बार-बार मुख्य मार्ग बंद हो रहा है, तो आगे पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान काफी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। डकोग, लूणा, त्रिलोचन महादेव में मार्ग खतरनाक रूप ले चुका है। जरा सी बारिश होते ही चट्टानें खिसकनी शुरू हो जाती हैं। हल्की बारिश से ही मार्ग बंद होने से भरमौर के कारोबारियों और पर्यटन व्यवसायियों को भी मंदी की मार झेलनी पड़ रही है। इन दिनों यहां कारोबार चलता है, लेकिन बारिश के चलते मुख्य मार्ग बंद होने के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मार्ग के बंद रहने से तहसील मुख्यालय भरमौर में न तो ताजी सब्जियां मिल रही हैं और न ही रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं मिल रही हैं। मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे मौसम में कई बार मरीज भी रास्ते में फंस जाते हैं। वहीं, पर्यटक और श्रद्धालु भरमौर आने से आनाकानी करते हैं। एसडीओ राख हर्ष पुरी ने बताया कि लूणा के पास डंगा गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध हुआ था। मार्ग को दिन में करीब एक बजे बहाल कर दिया गया है।

Related posts