भूस्खलन से जीजीआईसी के आवासीय भवनों को खतरा

पिथौरागढ़। नगरपालिका द्वारा खेल मैदान के लिए खोदी गई जमीन में भूस्खलन होने के कारण गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय इंटर कालेज पिथौरागढ़ के आवासीय भवनों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। भवनों के लिए जाने वाला रास्ता और पानी का नौला भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
नगरपालिका जीजीआईसी आवासीय परिसर के पास खेल मैदान का निर्माण कर रही है। उसके ठीक ऊपर जीजीआईसी के स्टाफ क्वार्टर हैं। सुरक्षा दीवार का निर्माण न होने के कारण बरसात में पूरी चट्टान दरक गई है। आवासों के पास तक भूस्खलन हो गया है। जीजीआईसी की प्रधानाचार्या नंदा रावत ने बताया कि भूस्खलन का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। भवनों में रहने वाले कर्मचारी भयभीत हो गए हैं।
उन्होंने भूस्खलन रोकने के लिए तत्काल सुरक्षा दीवार का निर्माण होना जरूरी बताते हुए कहा कि सरकार औरप्रशासन को भवनों के लिए खतरा होने की जानकारी दे दी गई है। अपर जिलाधिकारी बीएल राना ने कहा कि वह इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर दिखवाएंगे। सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे।

Related posts