भूस्खलन से एक घर और सात गोशालाएं ढही

रुद्रप्रयाग। तहसील ऊखीमठ की ग्राम पंचायत सारी के दिलमी गांव के ऊपर भूस्खलन होने और गदेरे से कटाव के कारण एक भवन और सात गोशालाएं ढह गई। भूस्खलन से पेयजल स्रोत ध्वस्त हो गए हैं। ऐसे में ग्रामीणों के समक्ष पीने के पानी की भी दिक्कत बनी है।
गांव में 36 परिवार रहते हैं और दो सप्ताह से खतरे की जद में हैं। गांव के ऊपर आधा किमी क्षेत्र में पहाड़ी दरक रही है। भूस्खलन का मलबा गांव के एक ओर बह रहे गदेरे में जा रहा है, जिससे गांव में कटाव हो रहा है। गदेरे के समीप के बने घर धंस रहे हैं।
भवन टूटने पर रामेश्वर प्रसाद नौटियाल का परिवार खेतों में टेंट लगाकर और बच्चीराम नौटियाल का परिवार छप्पर में रह रहा है, जबकि तीन परिवारों ने प्राइमरी स्कूल दिलमी में शरण ले रखी है। भय के मारे ग्रामीण घर छोड़ने को मजबूर हैं। यदि गांव के ऊपर भूस्खलन का दायरा बढ़ता है, तो 10-12 मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं। पानी के स्रोत और पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी पीना मुश्किल हो गया है। सारी की ग्राम प्रधान गुड्डी देवी ने कहा कि गांव का विस्थापन किया जाना चाहिए। ऊखीमठ एसडीएम राकेश तिवारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और सोलर लालटेन दी गई है। यदि पानी की दिक्कत है, तो ग्रामीण जल संस्थान को बताएं।

Related posts