भूस्खलन से आधा दर्जन घरों को खतरा

रोहड़ू। चिड़गांव तहसील के धमवाड़ी में पुल के पार करीब छह घरों को भूस्खलन के कारण खतरा पैदा हो गया है। बरसात के मौसम में लोगों के घरों में लगातार दरारें बढ़ रही हैं। एक परिवार ने अपना घर खाली करके लोगों के घरों में शरण ली है। प्रभावितों ने प्रशासन से राहत की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिनों बारिश के बाद धमवाड़ी के कई घरों को खतरा पैदा हो गया था। अब बारिश के बाद छह घरों में दरारें पड़ने लग गई हैं। ढहने की कगार पर पहुंचे एक घर को खाली कर दिया गया है। पेखा पंचायत के पूर्व प्रधान एवं धमवाड़ी गांव निवासी ठाकुर सेन ने बताया कि राजेंद्र सिंह का घर ढहने की कगार पर है। उसको खाली करके सामान दूसरों के घरों में शिफ्ट किया गया है। पूरा परिवार दूसरों के घरों में शरण लेने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि रामसुुख, प्रदीप, सोहनलाल, चैन दास के घरों को भी खतरा बना हुआ है। अन्य आधा दर्जन घरों में भी दरारें बढ़ रही हैं। लोगों ने इसकी जानकारी विधायक तथा स्थानीय प्रशासन को दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावितों को कोई राहत नहीं दी गई है। प्रभावितों के मुताबिक मौके पर प्रशासन की ओर से पटवारी को जायजा लेने के लिए भेजा गया था। पटवारी ने मौके की रिपोर्ट तैयार कर दी है, लेकिन अभी तक प्रभावितों की सहायता के नाम पर मात्र तीन त्रिपाल थमाए गए हैं। एसडीएम वाईपीएस वर्मा ने कहा कि धमवाड़ी में नुकसान का जायजा लेने के लिए टीम को तैनात किया गया है। रिपोर्ट के बाद प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा। फौरी राहत के लिए चिड़गांव तहसीलदार को आदेश किए जा रहे हैं।

Related posts