
पपरोला (कांगड़ा)। लगातार भूस्खलन के चलते जगह-जगह मलबा गिरने से जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेल मार्ग पर दो सप्ताह बाद भी यातायात सामान्य नहीं हो सका है। इस कारण रेल मार्ग पर रोजाना बैजनाथ से कोपरलाहड़ तक 2 रेलगाड़ियां ही चल रही हैं। ट्रैक पर मलबा गिरने से बंद पड़ी जोगिंद्रनगर रेल सेवा के 1-2 दिन में बहाल होने की उम्मीद है। इसकी पुष्टि सहायक मंडल अभियंता ने की है। रेलवे सूत्रों के अनुसार कोपरलाहड़ में कांगड़ा-शिमला एनएच-88 से लगातार रेल मार्ग पर मलबा और पानी गिर रहा है जिस कारण अभी रेल यातायात बहाल करना संभव नहीं है।
इसके अलावा बैजनाथ-पपरोला जोगिंद्रनगर रेल मार्ग पर चौंतड़ा स्टेशन के समीप ट्रैक पर मलबा व पानी बहने से रेलगाड़ियों का परिचालन शुरू नहीं हो सका है। रेलवे के सहायक मंडल अभियंता एमके गोयल ने कहा कि चौंतड़ा में रेल मार्ग पर लगातार ऊपरी सड़क से पानी व मलबा गिर रहा है। उन्होंने कहा कि चौंतड़ा के पास क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत पूरी कर ली गई है व मौसम साफ रहने पर अगले 1-2 दिन में जोगिंद्रनगर तक रेल सेवा बहाल होने की उम्मीद है।
