भूस्खलन की भेंट चढ़ा 200 मीटर रेलवे ट्रैक

पपरोला (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर कोपरलाहड़ के पास जमीन धंसने से करीब 200 मीटर रेल लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके अलावा समलोटी से कांगड़ा के बीच भी भारी भूस्खलन से रेल ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। कोपरलाहड़ में जबरदस्त भूस्खलन से रेलवे ट्रैक हवा में लटक गया है। हालांकि जोगिंद्रनगर-पालमपुर के बीच 45 किमी ट्रैक पर रेल सेवा बहाल होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है। भारी भूस्खलन के चलते बीते डेढ़ माह से पठानकोट के लिए सीधी रेल सेवा बंद है। जबकि 6 अगस्त को बैजनाथ-पपरोला से कांगड़ा तक भूस्खलन से रेल सेवा ठप हो गई थी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार पठानकोट तक रेल सेवा बहाल होने में लंबा समय लग सकता है। भूस्खलन के चलते बीते करीब 10 दिन से बंद पड़ी जोगिंद्रनगर से पालमपुर तक रेल सेवा बहाल हो गई है। इससे स्थानीय यात्रियों खासकर कर्मचारी व विद्यार्थी वर्ग को राहत मिली है। बैजनाथ-पपरोला स्टेशन अधीक्षक गौतम चंद ने पुष्टि करते हुए बताया कि रेल विभाग ने जोगिंद्रनगर से पालमपुर तक रेल ट्रैक से मलबा हटाकर यात्रियों की सुविधा के लिए रेल सेवा बहाल कर दी है। इसके तहत रोजाना बैजनाथ-पपरोला से 3 रेलगाड़ियां पालमपुर और 2 रेलगाड़ियां जोगिंद्रनगर के लिए चलेंगी।

ये रेलगाड़ियां चलेंगी
बैजनाथ-पपरोला स्टेशन से पालमपुर के बीच सुबह 7:20, 11 बजे और शाम 3:55 पर रेलगाड़ी चलेगी जबकि जोगिंद्रनगर के लिए सुबह 10 बजे और शाम 6 बजे रेलगाड़ियां रवाना होंगी।

Related posts