
पांवटा साहिब (सिरमौर)। एनएच-72 पर भूपपुर में रविवार दोपहर को एक युवक की हादसे में मौत हो गई। घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौहराधार तहसील के पिपली गांव के निवासी परीक्षित (27) शनिवार को पांवटा पहुंचा था। वह अपने वाहन की मरम्मत भूपपुर में करवा रहा था। रविवार को भूपपुर में देहरादून-पांवटा एनएच-72 को पार करते हुए एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद युवक सड़क पर बुरी तरह जख्मी होकर गिर गया। वाहन से टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। घायल युवक को पांवटा सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया। यातायात पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने हादसे की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि मृतक की पहचान परीक्षित (27) निवासी गांव पिपली, डाकघर लाना चेता तहसील नौहराधार जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
