भूगर्भ वैज्ञानिक करेंगे बेड़गांव का सर्वे

रानीखेत। डीआरडीए के परियोजना निदेशक श्याम सुंदर सिंह पांगती ने आपदा प्रभावित बेड़गांव क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भूगर्भ वैज्ञानिकों से प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को आपदा से क्षतिग्रस्त संपत्ति का पुनर्निर्माण मनरेगा के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने हरड़े गांव जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।
गत दिनों अतिवृष्टि के दौरान सुदूरवर्ती बेड़गांव में काफी क्षति हुई थी। परियोजना निदेशक ने गांव में जाकर क्षति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ऊपर से खूंट-काकड़ीघाट मार्ग का निर्माण चल रहा है, इसका मलबा भी गांव के नालों, गधेरों में आ जाता है। पैदल मार्ग बंद हो गए हैं। सड़क कटने से हाईस्कूल को जाने वाला मार्ग भी क्षतिग्रस्त है। बेड़गांव डबा और खसेरा गधेरे से घिरा है। 2010 में भी यहां भारी भूस्खलन हुआ था। डब गधेरे से वर्तमान में तीन गौशालों और दो मकानों को खतरा बना है। इससे पूर्व निदेशक ने सीमांत हरड़े गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। और ग्रामीणों से शत प्रतिशत शौचालय बनाने को कहा। उनके साथ ग्राम पंचायत विकास अधिकारी हरीश सुयाल, उप राजस्व निरीक्षक महेश चंद्र थुवाल, एएनएम तुलसी बिष्ट, प्रधान टीका सिंह, उप प्रधान विशना देवी, आनंद सिंह सहित तमाम ग्रामीण मौजूद थे।

Related posts