‘भूकंप’ से हिला धर्मशाला!

धर्मशाला। ….भूकंप की आहट से पूरा धर्मशाला हिल उठा। एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, पुलिस और होमगार्ड के जवान शनिवार को एकाएक सड़कों पर उतर आए। सायरन व हूटर की आवाज से पूरा शहर गूंज उठा। सड़कों पर दनादन दौड़ते आपातकालीन वाहनों को देख हर कोई भौचक्का रह गया। देखते ही देखते एनडीआरएफ के जवान न्यायिक परिसर धर्मशाला में घुस आए और तुरंत पूरा पूरिसर खाली करा दिया गया। शहर में एक बड़े स्तर की मॉक ड्रिल की रिहर्सल का आम लोगों को तब पता चला, जब माइक पर इसकी घोषणा करते हुए शांति बनाए रखने की अपील की गई।
एनडीआरएफ ने विशेषकर भूकंप के दौरान विभिन्न राहत एवं बचाव उपायों और प्रबंधों पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन टीम एवं जिला आपदा प्रबंधन कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान क्षतिग्रस्त भवन से घायल एवं सामान्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के अतिरिक्त प्राथमिक उपचार एवं अस्पताल तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने जिला के समस्त कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में आपदा प्रबंधन के लिए समितियां गठित करने एवं समय-समय पर बचाव के लिए पूर्वाभ्यास करते रहने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि कांगड़ा भूकंप की दृष्टि से अति संवेदनशील क्षेत्र में आता है। जिला के समस्त शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में इस तरह के जागरूकता शिविरों का आयोजन 2 से 13 अक्तूबर तक किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करना है।

Related posts