भुहाणा में स्टोन क्रशर के रास्ते रोके

हमीरपुर। ग्राम बचाओ संघर्ष समिति भुहाणा ने क्षेत्र में लगे स्टोन क्रशर को बंद करवाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समिति ने मलकीयत और सरकारी भूमि से निकाले गए रास्तों को भी बंद कर दिया। क्रशर मालिक को चेताया कि अगर बंद किए रास्तों को खोला गया तो समिति कड़ा संज्ञान लेगी जिसके परिणाम क्रशर मालिक को भुगतने होंगे। कमेटी अध्यक्ष टीसी गुलेरिया ने कहा कि स्टोन क्रशर के मजदूर खुले में शौच कर रहे हैं। उन्हें चेताया कि खुले में शौच न करें। अगर कोई मजदूर खुले में शौच करते पाया जाता है तो समिति कड़ा संज्ञान लेगी।
समिति ने प्रस्ताव पारित किया है कि अवैध खनन को रोकने के लिए पांच सदस्यीय निगरानी कमेटी का गठन किया गया है। इसमें रिटायर्ड सूबेदार प्रेम चंद गुलेरिया को अध्यक्ष, दीना नाथ, रक्षा देवी, मथरा देवी, सरला देवी को सदस्य मनोनीत किया गया है। समिति ने निर्णय लिया है कि अवैध खनन के खिलाफ राजस्व, पंचायत, खनन विभाग, विद्युत, पीडब्ल्यूडी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ भी धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए एजेंडा 20 अक्तूबर की बैठक में तय किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के वक्त पुलिस के जवान भी तैनात थे ताकि कोई अनहोनी न हो सके। धरना प्रदर्शन में कमेटी अध्यक्ष टीसी गुलेरिया, चेयरपर्सन डा. मनी राम, मीना कुमारी आदि मौजूद रहे।

Related posts