भुंतर में फूंका धूमल, अनुराग का पुतला

कोकसर (लाहौल-स्पीति)। युवा कांग्रेस लाहौल-स्पीति ने युकां अध्यक्ष दीपक ठाकुर की अध्यक्षता में सैनिक चौक भुंतर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर का पुतला जलाया। इसमें सौ के करीब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। युकां अध्यक्ष ने कहा कि धूमल और अनुराग ठाकुर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर जो आरोप लगा रहे हैं, वे निराधार हैं। उन्होंने कहा कि धूमल और अनुराग दोनों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। खुद को फंसता हुए देख वे अनापशनाप बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के एक वर्ष के कुशल कार्यकाल से बौखला गई है। उन्होंने कहा कि विस चुनाव से पहले भाजपा ने मुख्यमंत्री पर कई आरोप लगाए हैं, जो झूठे साबित हुए हैं। युकां ने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र आरोपों को वापस नहीं लिया गया तो युकां भाजपा के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी। दीपक ने कहा कि अगर भाजपा मुख्यमंत्री पर ऐसे ही बेतुके आरोप लगाती रही तो भविष्य में कुल्लू और लाहौल दौरे के दौरान धूमल और अनुराग का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर इंटक अध्यक्ष दोरजे, तिंदी बूथ के उपप्रधान बॉबी, अजीत, विकास, नितिन डोको, कुशाल, संजीव, मितु, छेरिंग, योगराज सहित जिला कुल्लू के युकां पदाधिकारी तथा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts