भियोड़ गांव में पेयजल को हाहाकार

चंबा। जिला के निकटवर्ती भियोड़ गांव में पेयजल के लिए हाहाकार मच गई है। हालत यह है कि एक सप्ताह से गांव में पानी नहीं आ रहा है। इस कारण गांववासियों को रोजमर्रा के काम निपटाने मुश्किल हो गए हैं। नलों में पानी न आने से गांववासियों को दूसरे स्रोतों से पेयजल आपूर्ति करनी पड़ रही है। भियोड़ गांव के मेहर चंद शर्मा, कमला देवी, सुभाष आंनद, किरण शर्मा, विनोद कुमार, टेक चंद, ओम प्रकाश, शक्ति प्रसाद, संजय कुमार, कुशल, राज कुमार, प्रदीप, करम चंद और मोनू ने बताया कि नलों में पानी न आने से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आईपीएच विभाग की ओर से पेयजल समस्या के हल को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ रहा है। मवेशियों को भी पानी ढोकर ही पिलाना पड़ रहा है। एक सप्ताह तक नलों में पानी न आने से ग्रामीण विभाग के रवैये से निराश हैं। ग्रामीणों ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता हमिंद्र चौणा ने बताया कि इस संबंध में ग्रामीणों की शिकायत आई है। पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारियों को भेज दिया गया है। गांव में जल्द पेयजल सप्लाई चालू कर दी जाएगी।

Related posts