भालू के हमले में दो व्यक्ति घायल

रोहडू। छौहारा क्षेत्र के तहत रोहल पंचायत के चिंचवाड़ी गांव में भालू ने दो व्यक्तियों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को संदासु अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रोहडू रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मामला वन विभाग के ध्यान में नहीं था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे चिंचवाड़ी गांव निवासी बांका राम (52) तथा राजदेव धंदवाड़ी (32) खड्ड में पशुआे को चराने गए थे। खड्ड में एक स्थान पर बैठकर दोनों आराम कर रहे थे कि इसी बीच भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। दोनों व्यक्ति जोरजोर से चिल्लाने लगे। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। इसी बीच लोगाे को आता देख भालू वहां से भाग गया। भालू के हमले से दोनों व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने उन्हें संदासु अस्पताल पहुंचाया तथा घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रोहडू पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। खबर लिखे जाने तक वन विभाग को घटना की जानकारी नहीं मिली थी। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि भालू के हमले से दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का रोहडू अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की रिपार्ट दर्ज कर ली है। डीएफओ रोहडू सरोज भाई पटेल ने बताया कि मामला उनके ध्यान में नहीं है।

Related posts