
रामपुर बुशहर। उपतहसील ननखड़ी में अलग-अलग जगहों पर भालू ने 13 वर्षीय बच्चे समेत दो लोगों को जख्मी कर दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने भालू को जल्द पकड़ने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक ननखड़ी की थैली चकती पंचायत के ढढारा में शनिवार तड़के भालू ने घर के नजदीक 13 वर्षीय बच्चे पर हमला बोल दिया। हमले में आदमखोर भालू ने मुकेश के सिर तथा अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म कर दिए। जख्मी मुकेश के चिल्लाने के बाद परिजन तथा गांववाले एकत्रित हुए और भालू वहां से भाग निकला। लोगों के काफी दूर तक पीछा करने पर भालू भागते-भागते खड्ड पार मझोली पहुंच गया और यहां पानी के स्रोत के पास जा रहे आईपीएच कर्मचारी पर हमला बोल दिया। मझोली टिप्पर पंचायत के खोबर गांव निवासी वीरभद्र के बाजू और अन्य हिस्सों पर भालू ने गहरे घाव कर दिए। परिजन दोनों घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल ले आए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग बुरी तरह से डर गए हैं। पंचायत प्रधान थैली चकती फुलमादेवी, जसवीर ठाकुर समेत अन्य लोगों ने भालू को पकड़ने के लिए ठोस प्रबंध करने की मांग वन विभाग से की है। उन्होंने कहा कि बीते साल मझोली के नजदीक कलेडा से जंगली जानवर ने एक बच्चे को मार दिया था। मांग की है कि दोबारा इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसलिए आदमखोर भालू को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उन्होंने वन विभाग से हमले में जख्मी दोनों को इलाज का खर्च देने की भी मांग की है।
