भारी बारिश से भिलंगना, भागीरथी उफान पर

नई टिहरी। सोमवार रात को हुई भारी बारिश से भागीरथी, भिलंगना नदी उफान पर आ गई। दोनों नदियों से 1031.91 क्यूमेक्स डिस्चार्ज रिकॉर्ड किया गया। इससे झील का जलस्तर आरएल 819.25 मीटर पर पहुंच गया।
कुछ दिन की राहत के बाद सोमवार रात शुरू हुई मूसलाधार बारिश मंगलवार सुबह रुक पाई। झील के जलस्तर में मामूली 85 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार रात हुई भारी बारिश से भिलंगना नदी में पानी बढ़ गया। नदी में 528.1 और भागीरथी में 503.90 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज रिकॉर्ड किया गया। इससे मंगलवार दोपहर दो बजे तक झील का जलस्तर आरएल 819.25 मीटर पर आ गया। जबकि सोमवार को जलस्तर 818.40 पर था। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जलस्तर को स्थिर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। बांध की चारों टरबाइनें चलाई जा रही हैं, जिससे 25.39 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन हो रहा है। इससे 580 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। नदियों के उफान पर आने से स्पिलवे से भी सोमवार की अपेक्षा 125 क्यूमेक्स अतिरिक्त यानी 515 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।

Related posts