भारी बारिश से बेड़गांव में कृषि भूमि बर्बाद

अल्मोड़ा। सोमवार सायं हुई भारी बारिश से ताड़ीखेत ब्लाक के बेड़गांव गांव में काफी नुकसान हुआ है। दोनों ओर से गधरों से हो रहे भूकटाव से बेड़गांव के खतरा हो गया है। मलबा आने और भूकटाव से ग्रामीणों की सौ नाली से अधिक कृषि भूमि बर्बाद हो गई है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर गांव में सुरक्षात्मक उपाय करने के अलावा क्षति का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सोमवार सायं 3:30 से पांच बजे तक क्षेत्र में भारी बारिश हुई। बारिश से खसेरा गधेरे और डूबा गधेरे के उफान में आने से काफी भूकटाव हो गया है। इससे पुरानी बस्ती बेड़गांव में निवास करने वाले कई मकानों को खतरा हो गया है। ग्रामीणों की सौ नाली से अधिक कृषि भूमि मलबे से पट गई है। खेतों में बोई गई मडुवे, भट्ट, गहत, धान की फसल चौपट हो गई है। राजकीय हाईस्कूल बेड़गांव को जाने वाला दो सौ मीटर रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है।
इसके अलावा निर्माणाधीन काकड़ीघाट-बेड़गांव पांच किमी सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है। मार्ग में हल्के वाहन भी नहीं चल पा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्र में खाद्यान्न भी नहीं जा पा रहा हैं। ज्ञापन में डीएम से बेड़गांव में आपदा से हुई क्षति का मौका मुआयना कर आपदा प्रबंधन के लिए कारगर उपाय करने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में गांव की प्रधान खष्टी देवी, आनंद सिंह, डुंगर सिंह बेलवाल आदि शामिल हैं।

Related posts