भारी बारिश में भोले बाबा के जयकारे

बैजनाथ (कांगड़ा)। सावन माह के तीसरे सोमवार को 15 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने बैजनाथ शिव मंदिर में भोले बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। रात 9 बजे होने वाली आरती तक यह सिलसिला जारी रहा। सुबह से बारिश होने के कारण दूसरे सोमवार के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या कम रही। मंदिर न्यास की तरफ से प्यार चंद अवस्थी, जीडी अवस्थी और एटीओ सुरेश कार्यों की देखरेख के लिए तैनात रहे। महिला व पुरुष पुलिस कर्मी सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर कैंपस में मौजूद रहे। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बिनवा खड्ड के समीप स्थित खीर गंगा घाट में पवित्र स्नान किया। मंदिर के समीप प्राथमिक पाठशाला में प्रवीण फार्मेसी पपरोला द्वारा लगाए गए भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के पुजारी सुरिंद्र आचार्य के अनुसार सावन माह में शिव के दर्शन मात्र से कार्य पूर्ण होते हैं। माना जाता है कि ज्योतिर्लिंगों में शामिल बैजनाथ के एतिहासिक शिव मंदिर में विराजमान लिंग रूपी भगवान के दर्शन से समस्त कष्टों का निवारण हो जाता है। एसडीएम ओपी ठाकुर ने मंदिर में प्रबंधों का जायजा लिया। इस मर्तबा चार सोमवार होंगे और 12 अगस्त को प्रस्तावित सोमवार अंतिम होगा।

Related posts