
शिमला। हिमाचल में मंगलवार को भी भारी बारिश जारी रही। कांगड़ा के गगल में सबसे ज्यादा 200 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। कांगड़ा में अभी तक रेलमार्ग बहाल नहीं हो पाया है। चंबा का चुवाड़ी-लाहडू मार्ग भूस्खलन के कारण पांच घंटे तक बंद रहा। सिरमौर जिले के शिलाई में एक मकान गिरा और दो मंजिलें भवन में दरारें पड़ गईं। मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी चौबीस घंटों मेें भारी बारिश की संभावना जताई है।
धर्मशाला में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कांगड़ा ट्रेन की बहाली खराब मौसम के चलते नहीं हो पा रही है। मंगलवार को कई ट्रेनें रद करनी पड़ीं। बारिश की वजह से कई संपर्क मार्गों पर भी ल्हासे गिरे। डल लेक के पास एक दुकान पर पेड़ गिर गया। सिरमौर जिले में बारिश से जिले के 18 संपर्क मार्ग बंद हैं। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त विकास लाबरू सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कालाअंब से पांवटा साहिब तक का दौरा किया। चंबा जिले में कई संपर्क मार्ग भी अभी तक बंद पड़े हैं। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश में आगामी चौबीस घंटों में भारी बारिश की संभावना है।
