
चंबा। मौसम विभाग की प्रदेश में अगले 72 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन कमेटियों को अलर्ट कर दिया है। इसके चलते प्रदेश के बाकी जिलों के साथ ही जिला चंबा में भी प्रशासन ने अलर्ट घोषित कर दिया है। जिला के लगभग सभी उपमंडलों में बारिश के कारण भूस्खलन सहित नदियों और नालों में भारी बहाव आने से भारी नुकसान होता है। इसके अलावा रावी का प्रवाह भी आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित करता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अपने सभी उपमंडलों की आपदा प्रबंधन कमेटियों को अलर्ट जारी करते हुए आपदा की स्थिति से निपटने को मुस्तैद रहने के निर्देश जारी किए हैं। जिला आपदा प्रबंधन कमेटी की को आर्डिनेशन मीटिंग पहले ही की जा चुकी है। इसके तहत उपमंडल मुख्यालय सहित तहसील और सब तहसील स्तर पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। इनके संपर्क नंबर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा जिला पुलिस और होमगार्ड के जवानों को भी अलर्ट किया गया है। वहीं, जिला प्रशासन गंभीर स्थिति से निपटने के लिए थल सेना और वायु सेना के संपर्क में भी है। इस संबंध में सेना के अधिकारियों के साथ भी जिला के प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हो चुकी है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने बारिश से प्रभावित होने वाले संभावित स्थानों की मैपिंग भी शुरू कर दी है। इसके तहत नुकसान की संभावना वाले क्षेत्रों को खाली भी करवाया जा सकता है। इस संबंध में उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि हाई अलर्ट के चलते जिला प्रशासन भी मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए जा चुके हैं। पुलिस और होमगार्ड के जवानों के अलावा सेना और वायु सेना को भी अलर्ट रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर इनकी मदद भी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारियों से ग्रुप एसएमएस के जरिये संपर्क रखा जा रहा है। प्रभावित होने वाले संभावित स्थानों की मैपिंग की जा रही है। अगर इनको लेकर चेतावनी मिलती है, तो ऐसे स्थान खाली करवाए जाएंगे।
