
बरोट/कटौला/गोहर/पांगणा (मंडी)। मौसम में बदलाव के बाद रातभर हुई भारी बर्फबारी से जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जिंदगी की रफ्तार थम गई है। बर्फबारी के कारण संपर्क मार्ग अवरुद्ध होने से परिवहन निगम की करीब एक दर्जन से अधिक बसें विभिन्न रूटों में फंसी पड़ी हैं।
पेयजल और बिजली की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शनिवार को मौसम खुलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने बर्फबारी से बंद रूटों को बहाल करने के लिए लेबर लगा दी है। चौहारघाटी और छोटा भंगाल में शुक्रवार रात को भारी बर्फबारी से जनजीवन पूरी से प्रभावित रहा। बरोट मुख्य बाजार में भी ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी से चौहारघाटी और छोटा भंगाल क्षेत्र का पारा शून्य से नीचे तक लुढ़क गया है। बर्फबारी के बीच शीतलहर और कंपकंपाती ठंड से लोगाें की मुसीबतें बढ़ गई हैं।
छोटा भंगाल और बरोट मुख्य बाजाराें में दो सेंटीमीटर से लेकर आठ सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले दो दर्जन गांवाें में तीन से 12 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ है। इनमें भुजलिंग, पोलिंग, राजगुंधा, कोठी-कोहढ, मलाह, नेर, धर्मांण, रोलिंग, मियोट, खलैल, झरवाड़, जधार, लोहारडी, सवाड़, लच्छयाण और पंजौड़ आदि ऊंचाई के गांव शामिल हैं। बर्फबारी से संपर्क सड़कें बरोट-लोहारडी, बरोट-कोठी, कोहढ और बरोट-मियोट यातायात के लिए बाधित हो गई।
उत्तरशाल की पराशर और टिहरी पंचायत बर्फबारी से जम गई हैं। हिमपात से मंडी – कटौला – कुल्लू सड़क काढ़ी के पास बंद पड़ी है। टिहरी पंचायत के प्रधान बाले राम और पराशर के दुकानदार देवेंद्र कुमार ने बताया कि रातभर हुई भारी बर्फबारी से लोग घरों में दुबके रहे। पराशर में बिजली और पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी है। लोक निर्माण विभाग के जेई भगत राम ने बताया कि अवरुद्ध मार्ग को बहाल करने के लिए मजदूर काम पर लगे हैं। सड़कें शीघ्र बहाल कर दी जाएंगी। करसोग उपमंडल के सेरी, केलोधार, स्यांज बगड़ा, माहूंनाग, छतरी, महोग, बखरौट में बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
गोहर उपमंडल के मंडी-जंजैहली, सराची, च्यूणी, शिकावरी, चैलचौक-करसोग और कोट-देवीदड़ संपर्क मार्ग बर्फबारी से अवरुद्ध पड़े हैं। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से एचआरटीसी की एक दर्जन से अधिक बसें विभिन्न रूटों में फंसी हैं। मंडी डिपो की कुल्थनी सड़क के बीच 2, शिकावरी में एक, बाड़ा-परवाड़ में एक, च्यूणी सड़क में एक और औट के तहत टेपर में दो बसें फंसी पड़ी हैं। सुंदरनगर डिपो की पांच बसें बह, तत्तापानी, करल और चौकी-कमांद में फंसी हैं। परिवहन निगम मंडी के आरएम विनोद कुमार ने बर्फबारी में बसों के फंसे होने की पुष्टि की है।
