
धर्मशाला/ गगल। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर गगल एयरपोर्ट के पास राजोल में गज खड्ड पर बने पुल की चूलें हिल गई हैं। तीन दिन से जारी मूसलाधार बारिश के चलते पानी का बहाव बढ़ने से गज खड्ड पर बना यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। डंगे का एक हिस्सा गिर जाने से पुल पर खतरा मंडरा उठा है। बारिश जारी रहने के हालात में पुल को और क्षति पहुंच सकती है। वहीं बारिश से ल्हासे व पत्थरों के गिरने का क्रम जारी है। इससे कई संपर्क मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
हालांकि सोमवार को दोपहर बाद मौसम कुछ साफ हो गया। लेकिन शाम के वक्त फिर से बारिश शुरू हो गई। वहीं पंडोह डैम से पानी छोड़े जाने से कांगड़ा में ब्यास नदी पूरे उफान पर है, जिससे मंड के इलाकों में अलर्ट जारी है। पानी का बहाव और बढ़ने पर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पनप सकती है। वहीं एनएच-20 के गज खड्ड पर बने पुल का एक डंगा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते पुल के एक भाग पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। हालांकि एनएच विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त पुल के हिस्से पर रोक के लिए ड्रम लगा दिए हैं। जानकारी के अनुसार यह पुल पिछली बरसात को भी क्षतिग्रस्त हुआ था। तब एनएच विभाग ने हलकी मरम्मत करके काम चलाया। लेकिन अब शुरुआती बरसात ने ही पुल की चूलें बुरी तरह से हिला दी हैं। वहीं बीती रात एक ओवर स्पीड ट्रक ने पुल की रेलिंग तोड़ दी। हालांकि इस घटना में ट्रक चालक को कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन पुल की रेलिंग टूट कर पानी में बह गई।
बारिश थमने पर ही मरम्मत : धीमान
वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग 20 के एसडीओ वीरेंद्र धीमान का कहना है कि बारिश थमने पर ही मरम्मत कार्य शुरू किया जा सकेगा। इसके अलावा पुल से वाहन चालकों को कम गति में चलने की हिदायत भी दी जाएगी।
