भारत जागो दौड़ में शामिल हुए हजारों युवा

मंडी। स्वामी विवेकानंद जयंती सार्धशती समारोह के दौरान भारत जागो विश्व जगाओ दौड़ का आयोजन जिला भर में किया गया। इसमें हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया। जिले के कोटली, बल्ह के कुमी और भंगरोटू, पंडोह, रिवालसर, द्रंग और मंडी शहर में भारत जागो विश्व जगाओ दौड़ आयोजित की गई। बल्ह में दौड़ में शामिल युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद सार्धशती जिला मंडी के संयोजक राजकमल ने कहा कि स्वामी ने भारत को विश्व का सरताज बनाया है। 11 सितंबर 1893 को स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो में विश्व मानव धर्म सम्मेलन को संबोधित किया। स्वामी विवेकानंद ने भारत का विश्व से परिचय देते हुए अपने धर्म और संस्कृति का जब बखान किया तो विश्व भर के धर्मगुरुओं ने उनका लोहा माना। यही नहीं अमेरिका, फ्रांस, इंग्लैंड से हजारों की तादाद में उनके अनुयायी बने। कोटली में भारत जागो विश्व जगाओ दौड़ के दौरान सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। कोटली खंड के संयोजक केसी शास्त्री ने बौद्धिक ज्ञान भी दिया। मंडी शहर में काफी तादाद में युवाओं ने भारत जागो विश्व जगाओ दौड़ में हिस्सा लिया तथा पूरे शहर की तीन किलोमीटर परिक्रमा करके स्वामी के पदचिन्हों पर चलने की शपथ ली। रिवालसर में दीपक गुलेरिया ने भारत जागो विश्व जगाओ दौड़ के दौरान बौद्धिक ज्ञान प्रदान करते हुए कहा कि भारत माता की रक्षा के लिए अब हर घर में स्वामी विवेकानंद तैयार करना अति आवश्यक हो गया है। उधर, पंडोह, द्रंग में भी सैकड़ों युवाओं ने भारत जागो विश्व जगाओ दौड़ में भाग लिया।

Related posts