

- पाकिस्तान की गोलाबारी से पुंछ में जवान घायल, कई मकानों को नुकसान
- गोलाबारी के दौरान पुंछ में स्कूलों में फंसे बच्चे, सेना ने सुरक्षित निकाला
- पाक सफेद झंडा दिखाकर दो सैनिकों के ले गया शव, दो दिन पहले किए गए थे ढेर
पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर बेवजह की जा रही गोलाबारी का करारा जवाब देते हुए सेना ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में सीमा पार पांच पाकिस्तान सैनिकों को मार गिराया। एक दर्जन से अधिक बंकर भी जवाबी कार्रवाई में तबाह हुए हैं। पुंछ में पाकिस्तान की गोलाबारी में एक जवान घायल हो गया, जबकि कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। लगातार हो रही गोलाबारी से एलओसी से सटे गांवों में दहशत है।
उड़ी सेक्टर के कई इलाकों में सेना की अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार से ही गोलाबारी की जा रही है। सेना की ओर से भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया। सूत्रों के अनुसार इसमें बाज इलाके में पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई बंकर तबाह हो गए। अब भी गोलाबारी जारी है।
पुंछ जिले के बालाकोट और मेंढर सेक्टर में सुबह नौ बजे सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार दागे गए। इसकी चपेट में आने से इंजीनियरिंग रेजीमेंट व 12 मद्रास में तैनात जवान गोविंद सिंह जख्मी हो गया। कई मकान टूट गए। दोपहर तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही। नियंत्रण रेखा से सटे कुछ स्कूलों में गोलाबारी के चलते छोटे-छोटे बच्चे फंस गए। उन्हें सेना ने गोलाबारी के बीच स्कूलों से निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
सीमापार से हुई फायरिंग में मोहम्मद सादिक निवासी ननजोट की पशुशाला पर गोला गिरने से उसमें बंधी चार भैंसें मारी गई। इसके अलावा उसका मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। गांव संदोट निवासी मोहम्मद सदाकत की कार गोलाबारी में क्षतिग्रस्त हो गई। राज्य में अनुच्छेद 370 हटने के बाद पाकिस्तान की ओर से लगातार गोलाबारी से दहशत का माहौल है।
राजोरी जिले के मंजाकोट सेक्टर के तरकुंडी और नक्का व पंजग्राई इलाकों में भी पाकिस्तान ने गोले बरसाए। यहां करीब साढ़े 12 बजे से फायरिंग जारी रही। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। दर्जनभर परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर किया शिफ्ट
पाकिस्तान की नापाक हरकतों को देखते हुए उड़ी इलाके में एलओसी से सटे स्कूलों को बंद कर दिया गया। साथ ही 10-12 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। प्रशासन के अनुसार स्थिति पर पैनी निगाह रखी गई है। आवश्यकता पड़ने पर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्लान तैयार कर लिया गया है।
सफेद झंडा दिखाकर दो सैनिकों के शव ले जाने पड़े
उत्तरी कश्मीर के उड़ी के हाजीपीर सेक्टर में पाकिस्तान की गोलाबारी में तीन दिन पहले दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। पाकिस्तान को सफेद झंडा दिखाकर इन सैनिकों का शव ले जाना पड़ा। हालांकि, उसने कई बार गोलाबारी कर अपने सैनिकों के शव को ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसके हर प्रयास को सेना ने विफल कर दिया। मजबूरन पाकिस्तान को सफेद झंडा दिखाना पड़ा।
इसका वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो 10-11 सितंबर के बीच का है। इसमें साफ नजर आ रहा है कि पाकिस्तान सैनिक सफेद झंडा उठाकर अपने सैनिकों के शव को ले जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि मारे गए पाकिस्तानी सैनिकों में सिपाही गुलाम रसूल है, जो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलनगर इलाके का है। इस सैनिक का शव पाने के लिए पाकिस्तान ने गोलाबारी तेज कर दी थी लेकिन बाद में उसे अपने एक और जवान से हाथ धोना पड़ा था।
