भारतीयों के लिए ईरान में एडवाइजरी जारी, दूतावास के सम्पर्क में रहने की दी सलाह

भारतीयों के लिए ईरान में एडवाइजरी जारी, दूतावास के सम्पर्क में रहने की दी सलाह

इस्राइली सेना के मुताबिक, कुछ समय पहले ईरान से इस्राइल की ओर मिसाइलें दागी गई थीं। इस्राइली नागरिकों को सतर्क रहने और होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का ठीक से पालन करने का निर्देश दिया गया है

लाइव अपडेट
01:04 PM, 02-OCT-2024

ईरानी हमले पर इस्राइली सेना ने जारी किया बयान 

आईडीएफ ने एक्स पर लिखा कि, कल इस्राइल के खिलाफ ईरान द्वारा किए गए हमले के बाद चीफ ऑफ द जनरल स्टाफ हर्जी हलेवी ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कमांडर जनरल माइकल एरिक से मौजूदा स्थिति के बारे में बात की। ईरानी हमले से पहले उसके दौरान और उसके बाद कई दिनों तक आईडीएफ और अमेरिकी सशस्त्र बलों ने रक्षा में एक साथ सहयोग किया। आईडीएफ इस सहयोग की बहुत प्रशंसा व्यक्त करता है और क्षेत्रीय स्थिरता और सेनाओं के बीच समन्वय को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है। इस्राइल अमेरिकी सशस्त्र बलों के साथ अपने संबंधों को गहरा करना जारी रखेगा।

12:49 PM, 02-OCT-2024

दिल्ली स्थिति इस्राइली दूतावास की बढ़ाई गई सुरक्षा
ईरान द्वारा इस्राइल पर किए गए मिसाइल हमले के बाद दिल्ली स्थित इस्राइली दूतावास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

12:39 PM, 02-OCT-2024

कोपेनहेगन में इस्राइली दूतावास के पास दो धमाके, जांच में जुटी पुलिस
डेनमार्क की पुलिस ने बुधवार को कहा कि वे उस स्थान पर प्रारंभिक जांच कर रहे हैं, जहां कोपेनहेगन में इस्राइली दूतावास के पास दो विस्फोट हुए थे। पुलिस ने कहा कि डेनमार्क के इन दो क्षेत्र में हुए विस्फोटों में कोई घायल नहीं हुआ है। कोपेनहेगन पुलिस ने एक्स पर लिखा कि, दो विस्फोटों के आधार पर हम स्ट्रैंडगेरवेज/लुंडेवांग्सवेज क्षेत्र में जांच कर रहे हैं। कोई भी घायल नहीं हुआ है। क्षेत्र में स्थित इस्राइली दूतावास से जुड़े धमाकों के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा, हमें वर्तमान में बहुत सारे कॉल आ रहे हैं, जिनका हम जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

12:33 PM, 02-OCT-2024

भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी की चेतावनी
ईरान- इस्राइल के बीच जारी संघर्ष को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालयल की ओर से अहम प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने कहा, हम इस क्षेत्र में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। भारतीय नागरिकों को ईरान की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है। वर्तमान में ईरान में रहने वाले लोगों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें।

12:17 PM, 02-OCT-2024

ईरान ने बंद किया अपने एयर स्पेस
ईरान और इस्राइल के बीच जारी संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है। इस्राइल अब पलटवार करने के मूड में है। नेतन्याहू ने बदला लेने की कसम खाई है। माना जा रहा है कि, किसी भी वक्त इस्राइल ईरान पर हवाई हमला कर सकता है। इस खतरे की आशंका को देखते हुए अब ईरान ने गुरुवार सुबह 5 बजे तक अपने एयर स्पेस को बंद कर दिया है।

11:46 AM, 02-OCT-2024

2 यमनी बंदरगाह चालू हैं, लेकिन बिजली स्टेशन हुए क्षतिग्रस्त
संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, यमन के दो मुख्य बंदरगाह चालू हैं, लेकिन रविवार को इस्राइली हमलों के बाद बिजली स्टेशन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

11:20 AM, 02-OCT-2024

चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए चीन ने लेबनान से निकाले अपने नागरिक
चीन ने लेबनान में फंसे अपनी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। आज सुबह 146 चीनी नागरिक और उनके परिवार के पांच सदस्य चार्टर्ड फ्लाइट से बीजिंग पहुंचे। चीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि लेबनान में चीनी दूतावास जारी रहेगा।

11:14 AM, 02-OCT-2024

डेनमार्क में इस्राइली दूतावास के बाहर धमाका
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में धमाकों की आवाज सुनी गई है,  बताया जा रहा है कि, ये धमाका इस्राइली दूतावास के बाहर हुई है। इन धमाकों के बाद दूतावास की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि, इन धमाकों में फिलहाल किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है।

11:08 AM, 02-OCT-2024

इस्राइल बना सकता है ईरान के तेल संयंत्रों को निशाना
एक्सियोस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस्राइल की सेना कुछ दिनों के भीतर ईरान के तेल उत्पादन संयंत्रों को निशाना बनाकर मिसाइल हमला कर सकता है।

11:04 AM, 02-OCT-2024

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुधवार को आपात बैठक बुलाई

मध्य पूर्व में बढ़े संघर्ष को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुधवार को आपात बैठक बुलाई है। बता दें कि, ईरान ने मंगलवार को इस्राइल के खिलाफ 200 मिसाइलें दागी हैं। दोनों देशों द्वारा किए गए हमले और जवाबी हमले से इस क्षेत्र में काफी तनाव बढ़ गया है। इस क्षेत्र में  संयुक्त राष्ट्र तत्काल युद्ध विराम चाहता है।

बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने की युद्ध विराम की अपील

ईरान ने मंगलवार को संघर्ष बढ़ने के बाद इस्राइली क्षेत्र में 200 मिसाइलें दागीं थी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष को रोकने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने क्षेत्र में “लगातार बढ़ते तनाव” की निंदा की और तुरंत युद्ध विराम का आह्वान किया।

09:33 AM, 02-OCT-2024

तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
ईरानी और इस्राइल के बीच बढ़ रहे विवाद का असर अब दुनिया पर दिखने लगा है। दोनों देशों में बढ़ते तनाव का असर सबसे पहले कच्चे तेल की कीमतों पर दिखने लगा है। आज क्रूड ऑयल के दाम एक झटके में 5 फीसदी तक बढ़ गए हैं।

09:27 AM, 02-OCT-2024

इस्राइल ने हिजब्बुला पर फिर की एयर स्ट्राइक
ईरान के हमले के बाद भी इस्राइल की हिजब्बुला पर कार्रवाई जारी है। लेबनान के बेरूत के दक्षिणी इलाकों में इस्राइल ने हवाई हमले किए। लेबनान के एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि बुधवार तड़के इस्राइली सेना ने बेरूत के दक्षिणी इलाकों में कम से कम पांच हवाई हमले किए हैं। जो हिजब्बुला के ठिकानों को निशाना बनाकर किए थे।

09:04 AM, 02-OCT-2024

जापान के नए प्रधानमंत्री ने इस्राइल पर हमले को बताया-अस्वीकार्य 

जापान के नए प्रधानमंत्री शिगेरू किशिदा ने बुधवार को एक बयान जारी कर इस्राइल पर हमले को ‘अस्वीकार्य’ बताया। उन्होंने मध्यस्थ के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ सहयोग करने और वास्तविक युद्ध को रोकने की भी पेशकश की।

08:28 AM, 02-OCT-2024

ईरान ने इस्राइल पर 200 मिसाइलें दागने की पुष्टि की
सरकारी टीवी ने बुधवार को बताया कि, ईरान ने इस्राइल पर 200 मिसाइलें दागीं हैं। इस्राइली सेना ने कहा था कि 180 मिसाइलें दागी गई थीं और उनमें से ज़्यादातर को रोक दिया गया था।

08:02 AM, 02-OCT-2024

जो बाइडन ने ईरानी हमले को बताया- विफल
अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमले को लेकर रहा कि, मेरे निर्देश पर अमेरिका की सेना ने इस्राइल की रक्षा का सक्रिय रूप से समर्थन किया है और हम अभी भी इसके प्रभाव का आकलन कर रहे हैं। लेकिन अब जो हमें पता है कि ईरान का ये हमला पूरी तरह से विफल और अप्रभावी प्रतीत होता है।  यह इस्राइल की सैन्य क्षमता और अमेरिकी सेना का प्रमाण है।

05:57 AM, 02-OCT-2024
ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बानीज ने ट्वीट किया , “ऑस्ट्रेलिया इस्राइल पर ईरान के मिसाइल हमले की निंदा करता है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और इस्राइल में आस्ट्रेलियाई लोगों को स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
04:09 AM, 02-OCT-2024
इस्राइल  की सुरक्षा के प्रति मेरी प्रतिबद्धता अटल – कमला हैरिस
वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा, “आज ईरान ने लापरवाही से हमला करते हुए इस्राइल पर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। मैं इस हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करती हूं। ईरान मध्य पूर्व में एक अस्थिर करने वाली, खतरनाक ताकत है और इस्राइल पर आज का हमला इस तथ्य को और अधिक प्रदर्शित करता है। इससे पहले आज मैं राष्ट्रपति बाइडन और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ सिचुएशन रूम में थी क्योंकि हमने वास्तविक समय में हमले की निगरानी की और सुनिश्चित किया कि क्षेत्र में अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। मैं अमेरिकी सेना को इस्राइल को निशाना बनाने वाली ईरानी मिसाइलों को मार गिराने के राष्ट्रपति बाइडन के आदेश का पूरी तरह से समर्थन करती हूं, जैसा कि हमने अप्रैल में किया था। शुरुआती संकेत ये हैं कि हमारी मदद से इस्राइल इस हमले को नाकाम करने में कामयाब रहा। हमारी संयुक्त सुरक्षा प्रभावी रही है, और इस ऑपरेशन और सफल सहयोग ने कई निर्दोष लोगों की जान बचाई है। मैं हमेशा यह सुनिश्चित करूंगी कि इस्राइल  के पास ईरान और ईरान समर्थित आतंकवादी मिलिशिया के खिलाफ अपनी रक्षा करने की क्षमता हो। इस्राइल  की सुरक्षा के प्रति मेरी प्रतिबद्धता अटल है। ईरान न केवल इस्राइल  के लिए खतरा है, बल्कि क्षेत्र में अमेरिकी कर्मियों, अमेरिकी हितों और पूरे क्षेत्र में ईरान के हाथों पीड़ित निर्दोष नागरिकों के लिए भी खतरा है…, हम अमेरिकी बलों की रक्षा के लिए जो भी आवश्यक कार्रवाई करने में संकोच नहीं करेंगे। हम ईरान के आक्रामक व्यवहार को बाधित करने और उन्हें जवाबदेह बनाने के लिए अपने सहयोगियों के साथ काम करना जारी रखेंगे।
04:04 AM, 02-OCT-2024
इस्राइल पर हमले के बाद बाइडन ने की बैठक
वहीं, बैलिस्टिक मिसाइल हमला शुरू करने की ईरानी योजनाओं पर चर्चा करने के लिए उपराष्ट्रपति हैरिस और उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ राष्ट्रपति जो बाइडन ने बैठक की। बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि आज, मेरे निर्देश पर संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना ने सक्रिय रूप से इस्राइल की रक्षा का समर्थन किया। हम अभी भी प्रभाव का आकलन कर रहे हैं… ऐसा प्रतीत होता है कि हमला पराजित और अप्रभावी हो गया है। यह इस्राइली सैन्य क्षमता और अमेरिकी सेना का प्रमाण है। यह इस हमले की आशंका और बचाव के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल के बीच गहन योजना का भी प्रमाण है…संयुक्त राज्य अमेरिका इस्राइल का पूर्ण समर्थन करता है। मैंने अपनी पूरी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ सिचुएशन रूम में सुबह और दोपहर का कुछ हिस्सा बिताया है और इजरायलियों के साथ परामर्श किया है। राष्ट्रीय सुरक्षा टीम इस्राइली अधिकारियों और उनके समकक्षों के साथ लगातार संपर्क में रही है।
04:04 AM, 02-OCT-2024
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं
ईरान के हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तीन फीसदी का इजाफा हुआ है और यह 73.56 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई हैं। एजेंसी

तो और बड़ा हमला करेंगे
ईरान ने कहा कि यदि इस्राइल जवाबी हमला करता है तो उसे और बड़ा हमला झेलना होगा। ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने कहा कि यह मिसाइल हमले हिजबुल्ला चीफ हसन नसरल्ला, हमास नेता इस्माइल हानिया और आईआरजीसी के कमांडर अब्बास की मौत के विरोध में किए गए हैं। एक बयान में आईआरजीसी ने कहा, हमने कब्जे वाली भूमि के बीच हमला किया है।

अमेरिका ने ईरान से आगे के हमले रोकने को कहा
पेंटागन के प्रेस सचिव वायु सेना मेजर जनरल पैट राइडर ने कहा कि आज ईरान ने इस्राइल पर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ एक बड़ा हमला किया। हम ईरान द्वारा किए गए इन हमलों की निंदा करते हैं और ईरान से आगे के हमलों को रोकने का आह्वान करते हैं।

अमेरिकी नौसेना के विध्वंसकों ने मध्य पूर्व में इस्राइल की रक्षा में मदद की, जिसमें ईरानी मिसाइलों के खिलाफ लगभग एक दर्जन इंटरसेप्टर दागे गए। इस्राइल ने अधिकांश आने वाली मिसाइलों को रोक दिया और जमीन पर न्यूनतम नुकसान हुआ। हम अभी भी हमले का मूल्यांकन कर रहे हैं, इसलिए अपडेट प्राप्त होने के बाद संख्याएं बदल सकती हैं। कोई अमेरिकी कर्मी घायल या हानि नहीं हुई है। रक्षा सचिव ऑस्टिन, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल सीक्यू ब्राउन, जूनियर और अमेरिकी सेंट्रल कमांडर जनरल एरिक कारिला राष्ट्रपति बाइडन और उपराष्ट्रपति हैरिस के साथ निरंतर संपर्क में हैं।

रक्षा सचिव ऑस्टिन ने इस्राइल के रक्षा मंत्री गैलेंट से बात की और इस्राइल की रक्षा में अमेरिका की मजबूत प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका मध्य पूर्व में अपनी सेना और इस्राइल की रक्षा के लिए तैयार है। अगर ईरान या उसके सहयोगी अमेरिकी कर्मियों या हितों पर हमला करते हैं, तो अमेरिका अपने लोगों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

03:08 AM, 02-OCT-2024

मिसाइलों को इस्राइल और अमेरिका के नेतृत्व वाले रक्षा गठबंधन ने रोका: हगारी
आईडीएफ के प्रवक्ता आरएडीएम. डैनियल हगारी ने कहा, ‘इरान ने इस्राइल राज्य पर सीधे ईरानी धरती से 180 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों का बड़े पैमाने पर हमला किया। इस्राइल के केंद्र में थोड़ी संख्या में हमले हुए और दक्षिणी इस्राइल में कुछ अन्य हमले हुए। अधिकांश आने वाली मिसाइलों को इस्राइल और अमेरिका के नेतृत्व वाले रक्षा गठबंधन द्वारा रोक दिया गया। ईरान का यह हमला एक गंभीर वृद्धि है। इसके खतरनाक परिणाम होंगे। हमारी रक्षा और आक्रमणकारी क्षमताएं सर्वोच्च स्तर पर तैयार हैं। हमारी संचालन योजनाएं तैयार हैं। हम इस्राइल सरकार के निर्देश के अनुसार जहां, जब और जैसे चाहेंगे उत्तर देंगे।

ईरान और उसके प्रतिनिधि सात अक्तूबर से कई मोर्चों पर इस्राइल पर हमला कर रहे हैं। आईडीएफ इस्राइल की रक्षा करने और इस्राइल के लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक हर कदम उठाती रहेगी।

01:31 AM, 02-OCT-2024

बाइडन ने की उच्चस्तरीय बैठक
वहीं, हमले के बाद व्हाइट हाउस ने भी ट्वीट कर  इस मामले में प्रतिक्रिया दी है। व्हाइट हाउस ने कहा कि आज सुबह, राष्ट्रपति बाइडन ने इस्राइल के खिलाफ एक महत्वपूर्ण बैलिस्टिक मिसाइल हमला शुरू करने की ईरानी योजनाओं पर चर्चा करने के लिए उपराष्ट्रपति हैरिस और उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ एक बैठक बुलाई। उन्होंने इस्राइल को इन हमलों से बचाने और क्षेत्र में अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा में मदद करने के लिए अमेरिकी तैयारियों की स्थिति की समीक्षा की।

01:31 AM, 02-OCT-2024

जयशंकर-ब्लिंकन की बैठक में भी ईरान-इस्राइल तनाव पर चर्चा
वहीं, वाशिंगटन डीसी में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की वार्ता के दौरान भी ईरान-इस्राइल तनाव पर चर्चा हुई। इस दौरान ब्लिंकन ने  कहा कि कुछ घंटे पहले, ईरान ने पांच महीने के अंतराल में दूसरी बार इस्राइल पर सीधा हमला किया, जिसमें लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और पूरी दुनिया को इसकी निंदा करनी चाहिए। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और अन्य भागीदारों के सक्रिय समर्थन से इस्राइल ने इस हमले को प्रभावी ढंग से हरा दिया। हमने एक बार फिर इस्राइव की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। हम आने वाले घंटों और दिनों में इस्राइल और क्षेत्र के अन्य भागीदारों के साथ बहुत करीबी संपर्क में रहेंगे।

01:19 AM, 02-OCT-2024

इस्राइल में विमान या रणनीतिक सैन्य संपत्तियों को किसी नुकसान की जानकारी नहीं
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने ईरान-इस्राइल तनाव पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आज ईरान ने इस्राइल में लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस हमले के खिलाफ इस्राइल की रक्षा में मदद करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना ने इस्राइली रक्षा बलों के साथ निकटता से समन्वय किया। अमेरिकी नौसैनिक विध्वंसक भीतर की ओर आने वाली मिसाइलों को मार गिराने के लिए इंटरसेप्टर फायरिंग में इजरायली वायु रक्षा इकाइयों में शामिल हो गए हैं। राष्ट्रपति बाइडन और उपराष्ट्रपति हैरिस ने व्हाइट हाउस सिचुएशन रूम से हमले और प्रतिक्रिया की निगरानी कर रही हैं। हम हमले के प्रभाव का आकलन करने के लिए अभी भी आईडीएफ और इस्राइल में अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं। लेकिन इस समय, हमें इस्राइल में किसी भी मौत की जानकारी नहीं है। हम वेस्ट बैंक के जेरिको में एक फ़िलिस्तीनी नागरिक की कथित मौत पर नज़र रख रहे हैं। हमें इस्राइल में विमान या रणनीतिक सैन्य संपत्तियों को किसी नुकसान की जानकारी नहीं है… ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला पराजित और अप्रभावी रहा है। यह सबसे पहले और सबसे महत्वपूर्ण आईडीएफ की व्यावसायिकता का परिणाम था।

आगे उन्होंने कहा कि  हम आज जाफ़ा में एक आतंकवादी हमले की रिपोर्टों से भी अवगत हैं जिसमें कई इस्राइली नागरिकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों और जेरिको में फिलिस्तीनी नागरिकों के परिवार के प्रति हैं. हम अधिक जानकारी इकट्ठा करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार संशोधन और समायोजन करने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं…यह एक विकट स्थिति है। हम प्रतिक्रिया के संदर्भ में अगले कदमों और ईरान ने जो किया है उससे निपटने के तरीके पर इजरायलियों से परामर्श करेंगे। हम ईरान और उसके प्रतिनिधियों से आगे के खतरों और हमलों की निगरानी करना जारी रखेंगे। हम विशेष रूप से अमेरिकी सेवा सदस्यों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

01:01 AM, 02-OCT-2024

इस बीच, जानकारी मिली है कि अमेरिकी विध्वंसक जहाज  ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले के खिलाफ इजरायली वायु सेना  में शामिल हो गए हैं।

12:56 AM, 02-OCT-2024
ईरानी मीडिया का दावा-20 एफ 35 नष्ट किए
ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि इस हमले में इस्राइल के कम से कम 20 एफ 35 लड़ाकू विमान नष्ट हो गए हैं। हालांकि इस्राइल ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। इस्राइल ने सिर्फ दो लोगों के घायल होने की बात कही है।
12:41 AM, 02-OCT-2024
भारत ने इस्राइल में भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी
तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने इस्राइल में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, इस्राइल में सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों की तरफ से बताए गए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है। वहीं किसी भी आपात स्थिति में, कृपया दूतावास की 24×7 हेल्पलाइन पर संपर्क करने के लिए कहा है।
12:40 AM, 02-OCT-2024
इस्राइल बचाव और जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार
इस्राइली सैन्य प्रवक्ता डेनियल हैगरी ने बताया कि इस्राइली सेना ईरानी हमले का बचाव और जवाबी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।

बाइडन ने US सेना को ईरानी मिसाइलों को मार गिराने का दिया आदेश
राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस व्हाइट हाउस सिचुएशन रूम से इस्राइल के खिलाफ ईरानी हमले की निगरानी कर रहे हैं और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से नियमित अपडेट लेरहे हैं। वहीं राष्ट्रपति बाइडन ने अमेरिकी सेना को ईरानी हमलों के खिलाफ इस्राइल की मदद करने और इस्राइल को निशाना बनाने वाली मिसाइलों को मार गिराने का निर्देश दिया है।

12:40 AM, 02-OCT-2024

ईरान ने कहा कि हिजबुल्ला प्रमुख हसन नसरल्ला की शहादत का यह पहला बदला है। यह अभी शुरुआत है। वहीं, इस्राइल ने कहा कि वह हमले का कड़ा जवाब देगा। वक्त और जगह वह खुद तय करेगा। ईरान के हमले के बाद पश्चिम एशिया का संघर्ष भीषण रूप लेता दिख रहा है। अमेरिका ने हमले से कुछ घंटे पहले ही इस्राइल को सतर्क किया था। हमले  के बाद इस्राइल ने सभी उड़ानें और ट्रेनें रोक दी हैं।  जॉर्डन और इराक ने भी अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं। अल जजीरा के अनुसार, हमले के बीच इस्राइल युद्ध कैबिनेट की बैठक बंकर में करनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने तेल अवीव व यरूशलम में घरों की खिड़कियों के शीशे तोड़ने वाले धमाके सुनने का दावा किया। हालांकि यह साफ नहीं हुआ कि धमाके मिसाइलों के लक्ष्य से टकराने से हुए या इस्राइली डोम एयर डिफेंस सिस्टम से टकराने के कारण।

इस्राइल में बज रहे अलर्ट के सायरन
इस्राइली सेना के अनुसार, देश में कई जगहों पर चेतावनी के सायरन बजाए जा रहे हैं। नागरिकों को सतर्क रहने और होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का ठीक से पालन करने का निर्देश दिया गया है। आईडीएफ के अनुसार, कुछ देर पहले ही होम फ्रंट कमांड ने देश भर के कई क्षेत्रों में जीवन रक्षक निर्देश जारी किए हैं। इस्राइल के नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और करेगा। आईडीएफ के अनुसार, सभी इस्राइली नागरिक बम शेल्टर होम में हैं क्योंकि ईरान से इस्राइल पर रॉकेट दागे जा रहे हैं।

 हिजबुल्ला-हमास नेताओं की हत्या का बदला
वहीं एपी के मुताबिक, ईरान ने कहा कि उसने हिजबुल्ला नेता और हमास अधिकारी की हत्या का बदला लेने के लिए इस्राइल पर दर्जनों मिसाइलें दागीं।

West Asia Unrest Live: ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी, दूतावास के संपर्क में रहने को कहा गया

ईरान ने इस्राइल पर बड़ा हमला करते हुए मंगलवार रात उसके प्रमुख सैन्य ठिकानों पर 200 से अधिक बैलेस्टिक मिसाइलें दागीं। धमाकों के बीच पूरे देश में अलर्ट घोषित कर दिया गया और चेतावनी के सायरन बजने लगे। सरकार ने मोबाइल फोन और टीवी पर संदेश देकर लोगों से बम शेल्टर में जाने के लिए कहा। कम से कम तीन मिसाइलों को तेल अवीव और यरूशलम पर गिरते देखा गया, हालांकि हमले में नुकसान की जानकारी नहीं मिल पाई है। ईरान ने कहा कि उसने हिजबुल्ला नेता और हमास अधिकारी की हत्या का बदला लेने के लिए इस्राइल पर दर्जनों मिसाइलें दागीं। वहीं, जो बाइडन ने भी ईरान के हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। बाइडन ने कहा है कि इस्राइल की मदद के लिए अमेरिका तैयार है।

Related posts