भाजयुमो आज निकालेगा ‘घोटालों की बारात’

बिलासपुर। दिनोंदिन बढ़ती महंगाई व भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ता शुक्रवार को जिला मुख्यालय में यूपीए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसके तहत ‘घोटालों की बारात’ के साथ ही ‘केंद्र सरकार की अंतिम यात्रा’ भी निकाली जाएगी। शहर के विभिन्न बाजारों से होकर रैली निकालने के बाद केंद्र सरकार के नेताओं के पुतले भी जलाए जाएंगे। जिला भाजयुमो अध्यक्ष बृजलाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल बेहद निराशाजनक रहा है। इस अवधि में महंगाई व भ्रष्टाचार ने नित नए रिकार्ड कायम किए। आए दिन घोटाले भी उजागर हो रहे हैं। कदम-कदम पर नाकाम साबित हुई केंद्र सरकार की विफलताओं का चिट्ठा खोलने के लिए भाजयुमो कार्यकर्ता शुक्रवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे। ‘घोटालों की बारात’ तथा ‘केंद्र सरकार की अंतिम यात्रा’ निकालने के साथ ही केंद्र सरकार के नेताओं के पुतले भी जलाए जाएंगे। प्रदर्शन से पहले सर्किट हाउस में बैठक का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए विचार विमर्श किया जाएगा।

बाक्स…
युवा मोरचा ने नियुक्त किए मंडल अध्यक्ष
बिलासपुर। जिले में भाजयुमो के चारों मंडलों के अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। जिला अध्यक्ष बृजलाल ठाकुर ने बताया कि स्याहुला के नरेश शर्मा को नयनादेवी, बड़ी-बिल्लौर के दीपक पटियाल को झंडूता, चकराणा के चमन शर्मा को घुमारवीं तथा बागी-बिनौला के अनिल गौतम को सदर मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। शुक्रवार को सर्किट हाउस में होने वाली बैठक तथा उसके बाद प्रदर्शन में चारों मंडलों के नवनियुक्त अध्यक्ष तथा युवा कार्यकर्ता भाग लेंगे।

Related posts