भाजपा लोकसभा उपचुनाव के लिए तैयार

मंडी। सदर भाजपा मंडल की बैठक मंडलाध्यक्ष डीडी ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें पार्टी उपाध्यक्ष कपूर सिंह पटियाल की माता और भटवाड़ स्थित कार हादसे में मारे गए डा. पवन कुमार के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया गया। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान पार्टी गतिविधियों को गति देने के लिए मंडल उपाध्यक्ष एवं महामंत्री एवं सचिव जोनल वाइज नियुक्त किए गए। डीडी ठाकुर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पार्टी की आजीवन सदस्यता के लिए 31 मई से पूर्व सहयोग निधि जमा करवाएं। डीडी ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक अनिल शर्मा बदले की भावना से कर्मचारियों के तबादले करवा रहे हैं। इसके चलते सदर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कर्मचारी बदल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सदर क्षेत्र के विकास पर पूर्ण विराम लगा हुआ है। कोटली को आज तक उप तहसील नहीं बनाया गया है। मंडी बस अड्डे में चल रहे निर्माण कार्य को रोक दिया गया, जबकि कोटली बस अड्डे का निर्माण अधर में पड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदर मंडल लोकसभा उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर महासचिव राम लाल शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

Related posts