भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन

बनबसा। मुंबई में महिला पत्रकार के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना से क्रोधित भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने प्रदर्शन कर दोषियों को फांसी पर लटकाने की मांग उठाई। कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कतई गंभीर नहीं है। दिल्ली के बाद मुंबई में सामूहिक बलात्कार की घटना सरकार की नाकामी का नतीजा है।
जिलाध्यक्ष पुष्पा पांडे के नेतृत्व में सड़क पर उतरी महिलाओं ने मुंबई में महिला पत्रकार के साथ दुराचार की घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने का कि महिलाओं पर बढ़ रहा अत्याचार चिंताजनक है। भाजपा नेत्री हेमा जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों से देश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। महिलाओं और बच्चियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बलात्कारियों को फांसी की सजा देने के साथ ही केंद्र सरकार से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में किशोरी देवी, मीना देवी, सूरजा देवी, मीना जोशी, कविता देवी, रूकमणी उनियाल, दिगंबर पांडे, कमलेश, मीना आदि शामिल थे।

Related posts