भाजपा प्रभारियों को सिखाए मीडिया प्रबंधन के टिप्स

मंडी। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी में मीडिया प्रबंधन को मजबूत और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार को भाजपा मीडिया प्रभारियों की राज्य कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी मीडिया प्रभारियों का मार्गदर्शन किया। शिविर के प्रथम सत्र की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने की। समापन सत्र की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने की।
शिविर में प्रदेश अध्यक्ष सत्ती ने कहा कि पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों को कार्यकर्ताओं व आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मीडिया प्रभारियों की अहम भूमिका रहती है। मीडिया प्रभारियों को हर रोज देश और प्रदेश में घटने वाली घटनाओं और अन्य मुद्दों पर अपडेट रहने की जरूरत है, ताकि पार्टी स्तर पर जनविरोधी फैसलों और निर्णयों का तत्काल जवाब दिया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी लोक सभा चुनाव के लिए पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करना होगा। पहले सत्र में विधायक जय राम ठाकुर, पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त, प्रदेश उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए मीडिया प्रभारियों को मीडिया प्रबंधन के अलावा सोशल मीडिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला के समापन सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी आदि मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर बल दिया। कहा कि वीरभद्र सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का विकास ठप हो गया है। प्रदेश की जनता आगामी लोक सभा चुनाव में इसका जवाब देंगे।

Related posts