भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष की ताजपोशी पर घमासान

हल्द्वानी। भाजपा हल्द्वानी पूर्वी मंडल में युवा मोर्चा अध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर संगठन में दो नेताओं के बीच घमासान मच गया है। मंडल अध्यक्ष दिनेश खुल्बे के प्रस्ताव की अनदेखी कर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास भगत ने जगदीश लोशाली को अध्यक्ष बनाने की घोषणा कर दी है। लोशाली की ताजपोशी होने से मंडल अध्यक्ष खुल्बे ने तत्काल कार्यकारिणी को भंग कर उदित सिरोही को अध्यक्ष बना दिया है। मंडल अध्यक्ष और मोर्चा जिलाध्यक्ष के बीच हुए टकराव से कार्यकर्ताओं में हताशा है।
हल्द्वानी नगर और पूर्वी मंडलों में युवा मोर्चा के अध्यक्ष की ताजपोशी होनी थी। इसके लिए मंडल अध्यक्षों की सहमति जरूरी है। पूर्वी मंडल अध्यक्ष खुल्बे ने युवा मोर्चा अध्यक्ष के लिए उदित सिरोही समेत तीन लोगों के नाम जिलाध्यक्ष दीपक मेहरा और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास भगत को भेजे थे। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भगत ने मंडल अध्यक्ष के प्रस्ताव की अनदेखी कर मंगलवार को जगदीश लोशाली के नाम की अध्यक्ष के रूप में घोषणा कर दी। इसकी भनक जब खुल्बे को लगी तो उन्होंने आनन-फानन में कार्यकारिणी भंग कर दी और सिरोही को मंडल का अध्यक्ष मनोनीत कर दिया।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष के बीच उभरे मतभेदों पर हाईकमान ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। हाईकमान ने कहा कि मंडल अध्यक्ष की संस्तुति और सहमति के बगैर किसी को जबरन नहीं थोपा जा सकता है।

प्रदेश सह मीडिया प्रभारी का पद चल रहा खाली
हल्द्वानी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सिर पर हैं। भाजपा में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी का पद अब तक रिक्त चल रहा है। सह मीडिया प्रभारी के मनोनयन लिए दो नेताओं के नाम पार्टी हाईकमान में विचाराधीन हैं। जल्द ही मीडिया प्रभारी की घोषणा नहीं हुई तो खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ सकता है। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी का दायित्व कुमाऊं से सुरेश तिवारी के पास था। दो माह पूर्व किसी विवाद के चलते पार्टी हाईकमान ने तिवारी को निलंबित कर दिया था। इसके बाद पार्टी में मीडिया प्रभारी का दायित्व अनौपचारिक तौर पर नवीन पंत निभा रहे हैं।

Related posts