
कंडवाल (कांगड़ा) सर्वजीत सिंह की मौत पर हिमाचल में भी गुस्सा है। संगठनात्मक जिला भाजपा नूरपुर ने कंडवाल में शुक्रवार को जिला महासचिव रणवीर सिंह निक्का के नेतृत्व में पाकिस्तान में सर्बजीत की मौत पर पाकिस्तान का पुतला फूंका तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूतला फूंकने के बाद रणवीर सिंह निक्का ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत सरकार सर्बजीत से जुड़े मुद्दे पर कोई भी ठोस कदम नहीं उठा सकी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सर्बजीत की मौत के लिए पाकिस्तान के साथ साथ केंद्र सरकार भी कसूरवार है। उन्होंने कहा कि सर्बजीत मरा नहीं, बल्कि यातनाएं देकर पाकिस्तान में उनकी हत्या की गई है। भाजपा नेताआें ने कहा कि पाकिस्तान में भारत के जितने भी कैदी हैं, उनकी सुरक्षा का प्रबंध किया जाए।
इस मौके पर उनके साथ जिला सचिव दलजीत पठानिया मुन्ना, मंडल अध्यक्ष लेखराज शर्मा, सचिव प्रेम ठाकुर, मखन सिंह, युवा मोर्चा प्रधान राजेश पठानिया, सुशील, अश्वनी सिपेहिया, रमेश, सुंदर चौधरी, आदि नेता उपस्थित थे।
