
नेरचौक (मंडी)। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन कई क्षेत्रों में चुनावी सभाएं कर यूपीए व प्रदेश सरकार की उपलब्धि व विकास कार्यों पर वोट मांगे।
रविवार को दूसरे दिन प्रतिभा सिंह ने बैहना, चंदयाल, कुम्मी, नलसर, पैड़ी, सध्याणी, रत्ती, नेरचौक, भंगरोटू व बड़सू में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की बदौलत आज देश को मनरेगा, आरटीआई, खाद्य सुरक्षा कानून, भूमि अधिग्रहण बिल, जन लोकपाल बिल, शिक्षा का अधिकार व राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन आदि सहूलियतें मिली हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो देश की जनता को जोड़ने के साथ प्यार और सद्भावना की बात करती है, जबकि भाजपा जाति व धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच सत्ता के विकेंद्रीकरण और शक्तियों को आम जनता के हाथ में देने की है, जबकि भाजपा सारी शक्तियां एक व्यक्ति विशेष और कुछ औद्योगिक घरानों के हाथों में देना चाहती है।
आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने सवा साल के शासन में बुलंदियों को छुआ है और जो विकास कार्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर शुरू किए गए हैं, वे आगे भी जारी रहेंगे। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव रोशन, मनीष गुप्ता, पीसीसी मेंबर शंकर, लालू राम, सुमन चौधरी, छोटू ठाकुर, सोहन लाल चौधरी व मंगत राम आदि मौजूद थे।
