
रामपुर बुशहर। मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए भाजपा ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा ने टोलियां बना कर रामपुर के विभिन्न क्षेत्रों में लोकसभा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के लिए प्रचार किया।
इसी कड़ी में वीरवार को शिमला के सांसद वीरेंद्र कश्यप और विधायक सुरेश भारद्वाज ने जहां भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया। वहीं, नुक्कड़ सभाओं का भी आयोजन किया गया। इन नेताओं ने कहा कि प्रतिभा सिंह एक असफल सांसद रही हैं और अपने कार्यकाल में सांसद निधि तक खर्च नहीं कर पाईं। इधर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सीमा मेहता एवं शुभ महाजन ने जराशी, मेलन सहित अन्य क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। इन नेताओं ने कहा कि वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए रामपुर में किसी भी प्रकार के विकास कार्य नहीं हो पाए। जबकि, भाजपा ने अपने कार्यकाल के दौरान रामपुर के दत्तनगर में किसानों की सुविधा के लिए मिल्क प्लांट लगाया। ननखड़ी में डिग्री कालेज खोला और इसके अलावा अन्य विकास कार्य किए। इन लोगों का कहना था कांग्रेस ने हमेशा ही रामपुर की अनदेखी की है। अब समय आ गया है कि लोग जयराम ठाकुर को लोकसभा भेजें ताकि मंडी संसदीय क्षेत्र का विकास और तेजी के साथ हो सके। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह, महासू जिला के अध्यक्ष अमी चंद वर्मा, राम सिंह नेगी, कमत ध्रैक और पूर्व में रहे प्रत्याशी प्रेम सिंह द्रैक ने भी विभिन्न स्थानों पर चुनाव प्रचार किया।
चुनाव आयोग को भेजी गई है शिकायत
रामपुर बुशहर। भाजपा मंडल रामपुर के अध्यक्ष विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस सरकार उप चुनाव को लेकर कर्मचारियों, मनरेगा के मजदूरों, आंगनबाड़ी कर्मी और सिलाई सेंटर की महिलाओं को जबरन जनसभाओं में ला रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता के तहत यह नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके बारे में चुनाव आयोग को भी शिकायत भेजी गई है।
