भाजपा नेत्री अमीता जीना से नहीं हो पा रहा संपर्क

अल्मोड़ा। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की सदस्य और अल्मोड़ा निवासी वरिष्ठ भाजपा नेत्री अमीता जीना केदारनाथ गई हुई हैं। अमीता जीना से पिछले चार दिनों से परिजनों का संपर्क नहीं हो पाया है। उनका छोटा पुत्र और अन्य परिजन उन्हें ढूंढने के लिए केदारनाथ गए हुए हैं, परंतु अब तक उनका पता नहीं चल सका है।
जनसंघ के संस्थापक एवं पूर्व पर्वतीय विकास मंत्री रहे स्व. सोबन सिंह जीना के भतीजे कुंदन सिंह जीना की पत्नी अमीता जीना (56) बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की सदस्य हैं। परिजनों ने बताया कि अमीता जीना 10 जून को मायके नंदप्रयाग गई थीं। वहीं से वह रविवार 16 जून को केदारनाथ मंदिर चली गईं। केदारनाथ फोन पर बात हुई। अमीता ने बताया कि गुप्तकाशी निवासी एक अन्य महिला के साथ मंदिर के गेस्ट हाउस में हैं। रविवार को उन्होंने फोन पर केदारनाथ घाटी में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी अल्मोड़ा घर पर परिजनों को दी और कहा कि मौसम ठीक होने पर अल्मोड़ा लौटेंगी।
उनके बड़े पुत्र मनीष जीना ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब सात बजे उन्होंने मम्मी (अमीता जीना) को फोन किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। शायद तब वह पूजा अर्चना और अन्य कार्यों में व्यस्त रही होंगी। केदारनाथ घाटी में आपदा की घटना होने पर परिजन फोन करते रहे किंतु संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि नंदप्रयाग से उनके मामा के लड़के और अन्य परिजन मम्मी की खोज में गए हैं, जबकि गुरुवार को छोटा भाई आशीष जीना भी उन्हें ढूंढने चला गया है। अब तक उनके बारे में उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

Related posts