भाजपा डूबता जहाज : कौल

उरला (मंडी)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की स्थिति डूबते हुए जहाज की तरह है। पार्टी में मची अंतर्कलह के चलते संगठन से लेकर कार्यकर्ता बौखलाहट में हैं। भाजपा में प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बिखराव की स्थिति बनी हुई है। मंडी उप चुनाव के बाद यूपीए-3 रिपीट होना निश्चित है।
मंगलवार को द्रंग क्षेत्र के इलाका स्नोर की ग्राम पंचायत पाली, फर्स, औट, भटवाड़ी, बांधी और कोट ढलयास में जनसभा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए समर्थन देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने पूर्व में भी सांसद रहते हुए मंडी जिले की पैरवी की है। कई बड़े संस्थान जिले को उस दौरान मिले हैं। आगे भी प्रदेश और यूपीए सरकार के आपसी समन्वय से प्रदेश को नई दिशा दी जाएगी।
कौल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही चुनावी घोषणा पत्र को सरकारी दस्तावेज मानकर चरणबद्ध ढंग से लागू करना शुरू किया है। द्रंग क्षेत्र में जो भी विकास कार्य हुए हैं सब कांग्रेस पार्टी की देन हैं। भाजपा का द्रंग में वोट मांगनेे का भी कोई हक नहीं है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की बड़े अंतर के साथ जीत निश्चित है, बात सिर्फ हलके से बढ़त दिलाने की है। इसके लिए आम कार्यकर्ता पार्टी का प्रचार प्रसार करें। उन्होंने प्रदेश सरकार के पांच माह की उपलब्धियों सहित यूपीए सरकार के कार्यक्रमों को आम लोगों तक आह्वान किया। इस दौरान ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया ने भी संबोधित किया।

Related posts