
पिथौरागढ़। भाजपा के दल बहादुर बाफिला पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) के अध्यक्ष होंगे। उन्होंने कांग्रेस के हयात चंद को चार वोटों से पराजित कर लगातार दूसरी बार इस कुर्सी पर कब्जा किया। उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा का कब्जा रहा। इस कुर्सी पर मनोज सामंत निर्विरोध रूप से चुने गए। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम अनुराग आर्या ने चुनाव नतीजों की घोषणा की। जीत के बाद भाजपा ने जुलूस निकाल जश्न मनाया।
डीसीबी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की समूची चुनाव प्रक्रिया बैंक परिसर में शनिवार सुबह से शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर विजयी भाजपा के प्रत्याशी दल बहादुर बाफिला को नौ वोट मिले, जबकि पराजित कांग्रेस के उम्मीदवार हयात चंद को सिर्फ 5 मत ही मिल सके। वहीं उपाध्यक्ष पद पर एकमात्र नामांकन भाजपा के मनोज सामंत का हुआ। अकेला पर्चा दाखिल होने से सामंत निर्विरोध निर्वाचित हुए। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। चुनाव संचालन में जिला सहायक निबंधक एमएस मर्तोलिया आदि ने सहयोग किया।
चुनाव नतीजे की घोषणा होने के बाद भाजपा ने जीत का जश्न मनाया। जुलूस में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी, प्रवक्ता सुरेश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल, लोहाघाट के विधायक पूरन फर्त्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष किशन भंडारी, महामंत्री गिरीश जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र बोरा, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सिंह रावत, राधे लाल वर्मा, कमलेश वल्दिया, गोलू पाठक, भगवान बल्लभ पंत सहित तमाम कार्यकर्ता शामिल थे।
