भाजपा के बागियों ने बनाई उपचुनाव की रणनीति

सुंदरनगर (मंडी)। मंडी संसदीय उप चुनाव के लिए मतदान की तारीख निकट आते ही भाजपा के बागी नेता सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को सुंदरनगर में भाजपा से निष्कासन की मार झेल रहे नेताओं व अनुशासनहीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस पाने वाले नेताओं ने बैठक कर अपनी एकजुटता दिखाने का प्रयास किया है। इन नेताओं ने लोकसभा चुनाव में उनकी क्या भूमिका हो, इस बारे में विस्तार से चरचा की। हालांकि ने नेताओं ने अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं। सूत्रों के अनुसार बैठक में पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर के निवास स्थान पर हुई। जहां पर उनके अलावा मंडी के श्याम लाल, बल्ह के महंत राम चौधरी, नाचन के नेता दामोदर चौहान व बल्ह के नेता मोहन लाल जोशी विशेष तौर पर उपस्थित थे। इसके अलावा पार्टी के कई और प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। बैठक का आयोजन करने का कारण बताया जा रहा है कि मंडी संसदीय उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर की जीत को पक्का करने के लिए भाजपा की ओर से इन नेताओं को समर्थन करने की बात कही गई है। इसके लिए कई नेताओं का चुनाव से पूर्व पार्टी से निष्कासन रद करने की भी बात सामने आ रही है। भाजपा ने इन नेताओं को समर्थन के लिए मनाने की जिम्मेवारी पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह को सौंपी है। जो इनके साथ लगातार संपर्क में बताए जा रहे हैं। हालांकि चुनाव में इन नेताओं की क्या भूमिका रहेगी, इस पर कोई भी बोलने को तैयार नहीं है, परंतु इन नेताओं के कुछ शर्तें रखने की बात बताई जा रही है। इस पर पार्टी विचार कर रही है। इधर, पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर ने बैठक को महज एक गैट टू गैदर करार दिया है। वहीं प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सत्ती का कहना है कि पार्टी ने अपने स्तर पर किसी को भी बाहर नहीं किया है, जो पार्टी के बाहर जा चुनाव लड़े व भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने को दोषी पाए गए, उनके खिलाफ ही कार्रवाई की गई है। वह पार्टी में अगर वापस आना चाहें तो उन्हें इसके लिए आवेदन करना होगा। इस पर गंभीरता से विचार किया जा सकता है।

Related posts