भाजपा का होगा सूपड़ा साफ : महेश्वर

मनाली(सरिता)हिलोपा प्रमुख महेश्वर सिंह का कहना है कि हिमाचल में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सुनामी का हिमाचल में कोई नामोनिशान नहीं है। महेश्वर सिंह सोमवार को मनाली में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह पहले भी कांग्रेस के नजदीकी नहीं थे और आज भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश से भाजपा के कुशासन को
समाप्त करने के लिए ही कांग्रेस का साथ दिया था, लेकिन जो भ्रष्टाचार के मुद्दे हिलोपा ने उठाये थे उन पर कांग्रेस ने अब तक कोई कड़ा संज्ञान नहीं लिया है। पार्टी छोड़कर जा रहे नेताओं पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनावी पतझड़ का मौसम है कोई आएगा तो कोई जाएगा, लेकिन पेड़ सुरक्षित रहना चाहिए. तभी पतझड़ के बाद पेड़ नई पत्तियों से सुसज्जित होगा। उन्होंने कहा कि कोई भी संस्थापक सदस्य पार्टी छोड़कर नहीं गया है। जो गए हैं वे अपने स्वार्थ को प्राथमिकता देकर गए हैं, जिनके जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने अपने कुनबे से अलग हुए स्वार्थी नेताओं को खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि मार्च तक भाजपा भ्रष्ट पार्टी थी, लेकिन पलभर में ही भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त कैसे हो गई। उन्होंने इन नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि क्या हिलोपा राष्ट्रहित की बात नहीं करती है। महेश्वर ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में हिलोपा तीसरे विकल्प के रूप में उभरकर अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने आप पार्टी को समर्थन देने की बात पर कहा कि आप पार्टी और हिलोपा की विचारधारा एक जैसी है। दोनों ही दल भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कृतसंकल्प हैं इसलिए हिलोपा आप पार्टी का समर्थन कर रही है। इस अवसर पर हिलोपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तेजा भारद्वाज, केशव राम, नीमत राम, बॉबी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts